पुणे में बांध से छूटा पानी; 40 से ज्यादा परिवार बेघर, पुल डूबा
पुणे में शुक्रवार को भारी बारिश हुई और इसके बाद खडकवासला बांध से खूब पानी छोड़ा गया, जिससे शहर में बाढ़ आ गई। एकता नगर में 40 से ज्यादा परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े। प्रशासन और दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई की, जिससे सभी लोग सुरक्षित रहे।
महापौर मंजूषा नागपुरे ने बताया कि सभी परिवारों को सुरक्षित जगहों पर भेज दिया गया है और वे राहत कार्यों की लगातार निगरानी कर रही हैं।
भिडे ब्रिज पानी में डूब गया
सुरक्षा के लिहाज से एकता नगर के कुछ इलाकों की बिजली काट दी गई, वहीं कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिए गए। एक साथ कई बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इसी वजह से भिडे ब्रिज पूरी तरह से पानी में डूब गया और उस पर से ट्रैफिक रोक दिया गया।
दमकल विभाग की टीमें डेंगूले ब्रिज के पास फंसे लोगों को बचाने और रास्ते में गिरे पेड़ों को हटाने के काम में जुटी हुई हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर बांधों से पानी और अधिक मात्रा में छोड़ा गया, तो आसपास के और भी इलाकों में बाढ़ आ सकती है। इसी के चलते, पास के जिलों को भी अलर्ट पर रखा गया है।