LOADING...
छत्तीसगढ: मुख्यमंत्री के पिता के खिलाफ FIR दर्ज, भूपेश बघेल बोले- कानून से ऊपर कोई नहीं
नंद कुमार बघेल और भूपेश बघेल

छत्तीसगढ: मुख्यमंत्री के पिता के खिलाफ FIR दर्ज, भूपेश बघेल बोले- कानून से ऊपर कोई नहीं

Sep 05, 2021
04:09 pm

क्या है खबर?

छत्तीसगढ़ पुलिस ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल के खिलाफ FIR दर्ज की है। नंद कुमार ने उत्तर प्रदेश में एक सभा को संबोधित करते हुए ब्राह्मणों के बहिष्कार की बात कही थी। इसे लेकर 'सर्व ब्राह्मण समाज' ने पुलिस को शिकायत दी थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नंद कुमार बघेल के खिलाफ भारतीय दंड संहित की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आइये, पूरी खबर जानते हैं।

विवादित बयान

नंद कुमार बघेल ने क्या कहा था?

बीते महीने लखनऊ में एक कार्यक्रम में नंद कुमार वघेल ने कहा था, "ब्राह्मण विदेशी हैं, जिस तरह अंग्रेज यहां से गए, वो भी जाएंगे। ब्राह्मण सुधर जाएं या जाने के लिए तैयार रहें। ब्राह्मण हमें अछूत मानते हैं। हमारे सारे अधिकार छीन रहे हैं। गांवों में भी अभियान चलाकर उनका बायकॉट करेंगे।" इसके बाद ब्राह्मण समाज के लोगों ने नंद कुमार बघेल का पुतला फूंकते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

जानकारी

मुख्यमंत्री बोले- बयान से सामाजिक सद्भाव को ठेस लगी

अपने पिता के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि उनकी टिप्पणी से एक वर्ग की भावनाओं और सामाजिक सद्भाव को ठेस पहुंची है। उन्हें भी इस बयान से दुख हुआ है।

Advertisement

बयान

मुख्यमंत्री के रूप में ऐसी गलती माफ नहीं की जा सकती- भूपेश बघेल

मुख्यमंत्री ने कहा, "सोशल मीडिया और दूसरे माध्यमों पर यह बात कही जा रही कि नंद कुमार पर इसलिए कार्रवाई नहीं हो रही क्योंकि वे मुख्यमंत्री के पिता हैं। हमारे राजनीतिक विचार और मान्यताएं बिल्कुल अलग हैं। पुत्र के रूप में मैं उनक सम्मान करता हूं, लेकिन मुख्यमंत्री के रूप में उनकी किसी भी ऐसी गलती को माफ नहीं किया जा सकता जो सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने वाली हो। हमारी सरकार में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।"

Advertisement

बयान

पुलिस अपना काम करेगी- बघेल

भूपेश बघेल ने साफ किया कि उनके अपने पिता के साथ शुरू से ही वैचारिक मतभेद है और यह बात सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर जाति, धर्म, वर्ग और समुदाय के लोगों की भावनाओं और उनके सम्मान की कद्र करती है और सभी के संवैधानिक अधिकारों और मान-सम्मान की रक्षा करना अपना कर्तव्य समझती है। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस इस मामले में कानून के तहत अपना काम करेगी।

Advertisement