Page Loader
कर्नाटक: चंद्रयान-3 से संबंधित मजाकिया कार्टून ट्वीट करने पर अभिनेता प्रकाश राज के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्रकाश राज के ट्वीट को लेकर कर्नाटक में मुकदमा

कर्नाटक: चंद्रयान-3 से संबंधित मजाकिया कार्टून ट्वीट करने पर अभिनेता प्रकाश राज के खिलाफ मुकदमा दर्ज

लेखन गजेंद्र
Aug 22, 2023
02:13 pm

क्या है खबर?

चंद्रयान-3 को लेकर ट्वीट करने पर मशहूर फिल्म अभिनेता प्रकाश राज मुसीबत में पड़ गए हैं। उनके खिलाफ कर्नाटक के बागलकोट जिले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि प्रकाश राज के खिलाफ हिंदू संगठन के नेताओं ने बनहट्टी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। अभिनेता ने ट्विटर पर मिशन चंद्रयान-3 को लेकर एक कार्टून साझा किया था, जिसके बाद लोगों ने आपत्ति जताई थी।

विवाद

क्या किया था प्रकाश राज ने ट्वीट?

प्रकाश राज ने अपने ट्विटर हैंडल पर चाय बनाते हुए एक व्यक्ति का कार्टून साझा किया था, जो लुंगी पहने था। उन्होंने तस्वीर साझा करते हुए लिखा था, 'विक्रम लैंडर द्वारा चांद से आने वाली पहली तस्वीर, वाह!' बाद में एक दूसरा ट्वीट कर प्रकाश ने अपनी सफाई दी। उन्होंने लिखा, 'नफरत केवल नफरत देखती है। मैं आर्मस्ट्रांग के समय के एक चुटकुले का जिक्र कर रहा था। अगर आपको कोई मजाक समझ नहीं आया तो मजाक आप पर है।'

ट्विटर पोस्ट

देखिए प्रकाश राज का ट्वीट और उनकी सफाई