Loading...
नवी मुंबई में लेज-मैगी और कुरकुरे समेत पैकेट बंद खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी तिथि में हेरफेर
नवी मुंबई में लेज-मैगी और कुरकुरे समेत पैकेट बंद खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी तिथि में हेरफेर

नवी मुंबई में लेज-मैगी और कुरकुरे समेत पैकेट बंद खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी तिथि में हेरफेर

लेखन गजेंद्र
Sep 01, 2026
11:09 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सोमवार को बड़ा खुलासा किया। उसने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया, जो पैकेट बंद खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी तिथि में हेरफेर कर रहा था। FDA और मुंबई अपराध शाखा पुलिस ने 24 से 29 अगस्त के बीच संयुक्त अभियान के दौरान पैकेटबंद खाद्य उत्पादों पर निर्माण और समाप्ति तिथि बदलने वाले गिरोह को पकड़ा है। टीम ने मैगी-लेज-कुरकुरे समेत 75.52 लाख रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं।

निरीक्षण

टीम ने निरीक्षण के दौरान क्या पाया?

निरीक्षण के दौरान, FDA अधिकारियों ने पाया कि खाद्य पैकेजिंग पर छपी निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि को बदला जा रहा था, ताकि उत्पादों को उनकी निर्धारित समय सीमा से अधिक समय तक बेचा जा सके।

मौके पर पाया गया कि सामग्री सूची और पोषण संबंधी जानकारी वाले मूल लेबल पैकेट से हटा दिए गए थे और उनकी जगह नए स्टिकर लगा दिए गए थे।

उत्पादों को बिक्री के लिए दोबारा से पैक किया जा रहा था।

जब्त

क्या-क्या जब्त किया गया?

FDA अधिकारियों ने बताया कि 10 निर्यातक कंपनियों से जुड़े 8,442 कार्टन जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 75,21,269 रुपये थी।

करीब 30,600 रुपये मूल्य का बिना लेबल वाला स्टॉक और एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद भी जब्त किया गया है।

जब्त उत्पादों में लेज-फन फ्लिप्स जैसे आलू के चिप्स, मैगी मसाला, कुरकुरे की कई फ्लेवर, आटा नूडल्स, रेडी-टू-ईट, रेडी-टू-कुक खाद्य उत्पाद शामिल थे।

मौके से इंकजेट प्रिंटर, थिनर और विशेष रूप से तैयार किए गए स्टिकर भी मिले हैं।

ADVERTISEMENT

कार्रवाई

एक का लाइसेंस निलंबित

निरीक्षण के बाद, FDA के अधिकारियों ने तुर्भे के टीटीसी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित साधना एंटरप्राइजेज का लाइसेंस निलंबित कर दिया है।

अधिकारियों को यूनिक फ्रैग्रेंस और प्रिस्टीन वर्ल्डवाइड के पास आवश्यक FSSAI लाइसेंस और खरीद बिल नहीं मिले, जिसके बाद इन कंपनियों से भी नमूने एकत्र किए गए है।

सभी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत तुर्भे पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है।

ADVERTISEMENT