कर्नाटक लोक सेवा परीक्षा में मनचाही नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों ने घूस दी, ED का खुलासा
क्या है खबर?
कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) के तहत पशु चिकित्सा अधिकारी की भर्ती परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा खुलासा किया है। उसने बुधवार को जारी अपनी जांच रिपोर्ट में बताया कि परीक्षा में मनचाही नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों ने लाखों रुपये का भुगतान किया था। एजेंसी का कहना है कि उम्मीदवारों से बकाया राशि की वसूली के लिए उनसे खाली चेक और वचन पत्र पर हस्ताक्षर भी करवाए गए थे।
जांच
प्रति उम्मीदवार मांगे गए थे 80 लाख रुपये- एजेंसी
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, एजेंसी ने जांच रिपोर्ट में बताया कि उम्मीदवारों से शुरूआत में लगभग 80 लाख रुपये मांगे गए थे, लेकिन बाद में बातचीत के बाद यह राशि 30 लाख से 40 लाख रुपये प्रति उम्मीदवार तक सीमित कर दी गई थी।
एजेंसी का कहना है कि कुछ राशि नकद और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से अग्रिम रूप से ली गई, जबकि शेष राशि के लिए कुछ उम्मीदवारों से खाली हस्ताक्षरित चेक और वचन पत्र प्राप्त किए गए।
जांच
KPSC के पूर्व परीक्षा नियंत्रक गिरफ्तार
ED ने बताया कि जांच में कुछ दस्तावेज तलाशी के दौरान बरामद किए गए और जांच के तहत जब्त कर लिए गए।
बता दें कि एजेंसी पशु चिकित्सा अधिकारी के 400 पदों के लिए KPSC परीक्षा में कथित हेराफेरी की जांच कर रही है।
ED ने 17 सितंबर को KPSC के पूर्व परीक्षा नियंत्रक बिंदु बसवराज कन्नाले और 18 सितंबर को ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार को धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया था।
दोनों जांच के केंद्र में हैं।