ED ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े परिसरों पर छापा मारा
क्या है खबर?
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने शुक्रवार को पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और कुछ अन्य लोगों से जुड़े परिसरों पर छापा मारा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एजेंसी के अधिकारी लुधियाना और कुछ अन्य स्थानों पर मौजूद हैं। आरोप है कि अरोड़ा से जुड़ी कंपनियों और कुछ अन्य संस्थाओं ने आवासीय परियोजनाओं के लिए औद्योगिक भूमि के कथित दुरुपयोग के माध्यम से राज्य सरकार को नुकसान पहुंचाया और आपराधिक आय अर्जित की है।
छापा
2024 में भी पड़ चुका है छापा
बताया जा रहा है कि ED की टीम सुरक्षा बलों के साथ तड़के ही अरोड़ा से जुड़े परिसरों पर तलाशी के लिए पहुंच गई थी। तलाशी के दौरान केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) बाहर सुरक्षा में तैनात रही। बता दें कि आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता अरोड़ा के घर पर 2024 में भी ED छापा मार चुकी है। तभी भी एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के तहत कार्रवाई की थी। AAP ने इस छापेमारी की निंदा की है।
निंदा
कुछ दिन पहले राज्यसभा सांसद के घर पड़ा था छापा
पंजाब में AAP के नेता केंद्रीय एजेंसी की नजर में हैं। इससे पहले पंजाब और हरियाणा में राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय के मालिक अशोक कुमार मित्तल के परिसरों और उनके शैक्षणिक संस्थानों में विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत तलाशी ली थी। AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने छापेमारी पर कहा कि भाजपा राज्य में चुनावों की तैयारी शुरू करने के लिए छापेमारी का उपयोग करती है और यह सब एक पैटर्न है।