दूरसंचार विभाग ने BSNL निदेशक को दिया कारण बताओ नोटिस, जानिए क्या है मामला
क्या है खबर?
प्रयागराज की प्रस्तावित यात्रा के लिए विस्तृत प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं को लेकर हुए विवाद के बाद दूरसंचार विभाग (DoT) ने भारत संचार निगम (BSNL) के निदेशक विवेक बंजल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस घटना पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि यह अस्वीकार्य है और स्पष्टीकरण मांगा गया है। बंजल के प्रयागराज दौरे के लिए VIP व्यवस्थाएं करने से संबंधित दस्तावेज वायरल होने के बाद उनकी हर जगह आलोचना हो रही है।
बयान
सरकार ने कहा- यह स्वीकार्य नहीं
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ANI को बताया, "मैंने यह स्पष्ट कर दिया है कि यह अनुचित है और स्थापित नियमों और परंपराओं का उल्लंघन है। यह मुझे बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। यह बेहद चौंकाने वाला है।" उन्होंने आगे कहा कि निदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है और उन्हें 7 दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है। हम उचित कार्रवाई करेंगे। सूत्रों के अनुसार, अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना का संकेत मिल रहे हैं।
मामला
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद बंजल की 25-26 फरवरी की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों से संबंधित एक कार्यालय दस्तावेज ऑनलाइन वायरल होने के बाद खड़ा हुआ। इससे पता चला कि उनकी यात्रा के लिए करीब 50 अधिकारियों को नियुक्त किया गया। इसमें हर छोटी-छोटी बात का ध्यान रखा गया था, जिसमें बालों का तेल, अंडरवियर और कंघी जैसी चीजों की व्यवस्था करना भी शामिल था। इसके बाद उनकी हर तरफ आलोचना होने लगी और उनकी प्रस्तावित यात्रा को रद्द कर दिया गया।