धनबाद: ऑटो की टक्कर से जज की मौत, पुलिस ने शुरू की हत्या की जांच
झारखंड के धनबाद में ऑटो रिक्शा से टक्कर के बाद हुई एक जज की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की जांच शुरू की है। पुलिस का कहना है कि बुधवार को एडिशनल सेशन जज (ASJ) उत्तम आनंद रणधीर वर्मा चौक पर सुबह की सैर के लिए गए थे। यहां उन्हें एक ऑटो रिक्शा ने टक्कर मार दी। इसके बाद एक राहगीर ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस के हाथ लगी CCTV फुटेज
धनबाद के SSP संजीव कुमार ने कहा, "हमने हत्या का मामला दर्ज किया है और सभी पहलुओं से इसकी जांच की जा रही है। हमें इस हादसे की CCTV फुटेज मिली है, लेकिन अभी तक अपराध के इरादे का पता नहीं चल पाया है।"
सोशल मीडिया पर शेयर हो रही CCTV फुटेज
इस घटना की CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर की जा रही है। इसमें दिख रहा है कि एक व्यक्ति सड़क किनारे धीरे-धीरे दौड़ता जा रहा है। तभी सड़क के बीच में चल रहा एक ऑटो रिक्शा अचानक से बाएं मुड़ता है और उस व्यक्ति को टक्कर मारकर आगे चला जाता है। परिवार का कहना है कि CCTV में दिख रहे व्यक्ति जज हैं, जो टक्कर के बाद बेसुध होकर वहीं गिर पड़ते हैं।
जज की पत्नी ने दी शिकायत
पुलिस को दी शिकायत में जज की पत्नी कृति सिन्हा ने कहा है कि सुबह 5 बजे सैर करने निकले उनके पति देर तक घर नहीं लौटे थे। इसके बाद घरवालों ने उनकी तलाश शुरू की। ऑटो रिक्शा से टक्कर के बाद वहां मौजूद लोग उन्हें अस्पताल लेकर गए थे। सिन्हा ने पुलिस से इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है। बता दें, अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कई अहम मामलों की सुनवाई कर रहे थे जज उत्तम आनंद
हादसे के बाद जज को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां के चिकित्सा अधीक्षक डॉ अरुण कुमार चौधरी ने कहा कि मरीज को अज्ञात के तौर पर सुबह करीब 5.30 बजे अस्पताल लाया गया था और 8.30 बजे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, जज हत्या के बड़े मामलों की सुनवाई कर रहे थे और हाल ही में कई अपराधियों की जमानत याचिका खारिज की थी।
हाई कोर्ट के वकील बोले- हत्या का मामला
झारखंड हाई कोर्ट में वकालत करने वाले वकील प्रभात सिन्हा ने कहा कि यह हत्या का मामला है। CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि ऑटो ड्राइवर ने जानबूझकर जज को टक्कर मारी है। आप यह फुटेज नीचे देख सकते हैं।