Page Loader
DGMO वार्ता: भारत और पाकिस्तान के बीच बनी एक भी गोली न चलाने पर सहमति
सीमा पर एक भी गोली न चलाने पर सहमत हुए भारत और पाकिस्तान

DGMO वार्ता: भारत और पाकिस्तान के बीच बनी एक भी गोली न चलाने पर सहमति

May 12, 2025
09:13 pm

क्या है खबर?

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को हुए संघर्ष विराम के बाद सोमवार को दोनों देशों के सैन्य संचालन के महानिदेशकों (DGMO) के बीच वार्ता हुई। इसमें दोनों पक्ष सीमा पर एक भी गोली न चलाने और एक दूसरे के विरुद्ध कोई आक्रामक और शत्रुतापूर्ण कार्रवाई न करने पर सहमत हो गए। बता दें कि भारत की ओर 7 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाए जाने के बाद से ही दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष भी बढ़ गया था।

बयान

सीमा पर सैनिकों की संख्या कम पर भी बनी सहमति- सेना

भारतीय सेना द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि भारत और पाकिस्तान के DGMO के बीच शाम 5 बजे हॉटलाइन पर बात हुई। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सीमा पर एक भी गोली न चलाने और एक-दूसरे के खिलाफ कोई आक्रामक और शत्रुतापूर्ण कार्रवाई न करने की प्रतिबद्धता जताई। इसी तरह दोनों देश सीमाओं और अग्रिम क्षेत्रों में सैनिकों की संख्या में कमी सुनिश्चित करने के लिए तत्काल उपाय पर भी सहमत हुए हैं।

तनाव

पहलगाम हमले के बाद से ही दोनों देशों के बीच बढ़ा हुआ था तनाव

पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद से ही दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था। भारत ने बदला लेने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाते हुए पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करते हुए 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया था। उसके बाद पाकिस्तान ने सीमा पर ड्रोन और मिसाइल से हमला किया। भारत ने भी उसका करारा जवाब दिया। 4 दिन के संघर्ष के बाद शनिवार को दोनों संघर्ष विराम पर सहमत हो गए।