दिल्ली: तेज रफ्तार डंपर ने क्रेन-ऑटो को मारी टक्कर, 3 की मौत और 3 अन्य घायल
क्या है खबर?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सरिता विहार इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के CCTV कैमरे लगाने के काम में जुटे श्रमिकों की क्रेन और ऑटो-रिक्शा को एक तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में कंपनी के एक मानव संसाधन (HR) प्रबंधक सहित 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जारी है।
हादसा
कैसे हुआ यह हादसा?
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना सरिता विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत रोड नंबर 13 पर हुई।
तड़के करीब 3:20 बजे नोएडा की तरफ से आ रहा एक मध्यम आकार का डंपर ट्रक अनियंत्रित हो गया।
वहां सड़क किनारे एक क्रेन और ऑटो-रिक्शा खड़ा था, जिसके पास मौजूद कर्मचारी दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के लिए CCTV कैमरे लगाने के काम में जुटे थे।
रफ्तार इतनी तेज थी कि डंपर ने इन दोनों वाहनों को टक्कर मारते हुए मजदूरों को कुचल दिया।
मौत
हादसे में इनकी हुई मौत
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) विनीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान HR प्रबंधक सूरज (34), संगम विहार निवासी उमेश (23), प्रवीण (35) के रूप में हुई है। इसी तरह घायलों में आकाश (20), अनूप (26) और खेम सिंह (40) शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर मौजूद सुधीर नाम का एक अन्य व्यक्ति हादसे में बाल-बाल बच गया।
कार्रवाई
हादसे के बाद फरार हुआ डंपर चालक
दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने हरियाणा रजिस्ट्रेशन नंबर वाले इस डंपर ट्रक और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस जांच में ट्रक के मालिक की पहचान सागर भड़ाना के रूप में हुई है, जो फरीदाबाद के खाकड़ी गांव का रहने वाला है।