Page Loader
दिल्ली: पानी को लेकर प्रदर्शन कर रहे भाजपाइयों पर पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल
दिल्ली में पानी की किल्लत को लेकर प्रदर्शन कर रहे भाजपाइयों पर वाटर कैनन का इस्तेलाम करती पुलिस।

दिल्ली: पानी को लेकर प्रदर्शन कर रहे भाजपाइयों पर पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल

Jul 12, 2021
06:26 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को इस समय गंभीर पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। दिल्लवासियों को पर्याप्ता मात्रा में पीने का पानी नहीं मिल रहा है। इसको लेकर लोग कई इलाकों में प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच भाजपा भी लोगों के समर्थन में उतर आई और सोमवार को सिविल लाइन स्थित राज निवास मार्ग पर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

प्रकरण

दिल्ली में बनी हुई है भारी पेयजल किल्लत

बता दें कि वर्तमान में दिल्ली में पेयजल मांग 1,140 मिलियन गैलन प्रतिदिन (MGD) है। इसके उलट दिल्ली को केवल 940 MGD पानी ही उपलब्ध हो रहा है। इस वजह से दिल्ली वासियों के लिए 200 MGD पानी की कमी बनी हुई है। दिल्ली में नौ जल शोधन केंद्रों से कुल 816 MGD पानी की आपूर्ति होती है। ऐसे में कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

प्रदर्शन

भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया AAP के खिलाफ प्रदर्शन

दिल्ली वासियों की पानी की परेशानी को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के आवास के बाहर जमा हो गई और धरने पर बैठ गए। इसके बाद उन्होंने पानी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर तैनात पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन चलाकर उन्हें तितर-बितर कर लिया।

चेतावनी

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दी मुख्यमंत्री केजरीवाल के घर का पानी रोकने की चेतावनी

इस मामले में दिल्ली भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष आदेश गुप्ता ने ट्वीट किया, 'आज भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली जल बोर्ड चेयरमैन सत्येंद्र जैन के निवास के बाहर प्रदर्शन कर पानी की किल्लत को दूर करने की मांग की। पुुलिस ने उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।' उन्होंने लिखा, 'यदि दिल्ली में अगले 48 घंटे में पानी की व्यवस्था को सही नहीं किया गया तो भाजपा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर का पानी रोक देगी।'

बयान

मूक दर्शक बनकर नहीं रह सकती है भाजपा- गुप्ता

प्रदेशाध्यक्ष गुप्ता ने एक और ट्वीट कर लिखा, 'AAP सरकार के हर घर में नल के पानी के वादों के बाद भी 100 से अधिक इलाकों में लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। लोगों को पानी खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में भाजपा एक मूक दर्शक नहीं बनी रह सकती है, हमारे कार्यकर्ता हर क्षेत्र में केजरीवाल सरकार के खिलाफ आंदोलन चलाएंगे।' बता दें कि दिल्ली में कई दिनों से पानी की किल्लत बनी हुई है।

आरोप

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने AAP सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

प्रदेशाध्यक्ष गुप्ता ने एक अन्य ट्वीट किया, '800 करोड़ रुपये के फायदें में चलने वाले दिल्ली जल बोर्ड को अरविंद केजरीवाल सरकार की भ्रष्टाचारी नीतियों ने बुरी तरह से कंगाल कर दिया है। दिल्ली सरकार ने बोर्ड को गत वर्षों में 57,000 करोड़ दिए हैं, लेकिन इसमें से 26,000 करोड़ रुपये का कहीं कोई हिसाब-किताब नहीं है।' उन्होंने आगे लिखा, 'अब जब सरकार के मंत्रियों के घर पानी रुकेगा तो उन्हें लोगों की परेशानी समझ आएगी।'

जिम्मेदार

दिल्ली सरकार ने पानी की कमी के लिए हरियाणा को ठहराया जिम्मेदार

इधर, दिल्ली सरकार ने पानी की कमी के लिए हरियाणा को जिम्मेदार ठहराया है। दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा ने दावा किया कि हरियाणा सरकार ने संकट के कारण दिल्ली में पानी की आपूर्ति कम कर दी है। उन्होंने कहा था कि हरियाणा प्रति दिन 120 MGD जारी कर रहा है, जो सामान्य से कम है। इससे 100 MGD से अधिक पानी का उत्पादन प्रभावित हुआ है। इस संबंध में हरियाणा सरकार से वार्ता कर समाधान निकाला जाएगा।