Loading...
दहेज में कार न मिलने पर दिल्ली पुलिस के जवान ने तोड़ी शादी, शिकायत दर्ज
हरियाणा में दहेज में कार न मिलने पर दिल्ली पुलिस के जवान ने तोड़ी शादी

दहेज में कार न मिलने पर दिल्ली पुलिस के जवान ने तोड़ी शादी, शिकायत दर्ज

Nov 22, 2026
05:46 pm

क्या है खबर?

हरियाणा के सोनीपत में दहेज की मांग पूरी न होने पर दिल्ली पुलिस में तैनात एक जवान द्वारा शादी तोड़ने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि दुल्हन पक्ष द्वारा समय पर करीब 13 लाख रुपये की मारुति ब्रेजा कार का इंतजाम न कर पाने के कारण दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। यह घटना गत 20 नवंबर को सोनीपत की मामचंद वाटिका में हुई। युवती ने पिता ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है।

प्रकरण

क्या है पूरा मामला?

दुल्हन के पिता सुभाष कुमार की शिकायत के अनुसार, 6 महीने पहले उनकी बेटी हीना की शादी दिल्ली पुलिस में तैनात कुलदीप के साथ तय हुई थी।

उन्होंने दूल्हे को उपहार में देने के लिए 'हुंडई ऑरा' कार बुक करवाई थी, लेकिन शादी से एक दिन पहले उन्हें पता चला कि कुलदीप को 13 लाख रुपये कीमत वाली ब्रेजा कार चाहिए।

इस पर उन्होंने पुरानी कार की बुकिंग रद्द कराकर ब्रेजा लाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

मांग

सोने के गहने और फर्नीचर की भी की गई थी मांग

शिकायत में आरोप लगाया है कि रिश्ता तय होने के बाद से ही दूल्हे का परिवार कई तरह की मांगें कर रहा था।

दूल्हे के परिवार ने कुलदीप के लिए 2 तोले की सोने की चेन, उसकी मां के लिए 4 तोले के झुमके तथा बड़े भाई और भाभी के लिए भी गहनों की मांग की थी।

उन्होंने इन मांगों को मान लिया था। इसके अलावा, करीब 1.32 लाख रुपये का फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान भी खरीदा गया था।

ADVERTISEMENT

परेशानी

बिना बारात के पहुंचे दूल्हे ने की अभद्रता

शादी के दिन कुलदीप बारात लाने के बजाय अपनी मां के साथ साधारण कपड़ों में विवाह स्थल पर पहुंचा। जब वहां मांगी गई ब्रेजा कार नहीं दिखी, तो दोनों परिवारों के बीच बहस शुरू हो गई।

दुल्हन के पिता का आरोप है कि दूल्हे ने उनके रिश्तेदारों के साथ गाली-गलौज की और बार-बार मिन्नतें करने के बावजूद शादी करने से साफ मना कर दिया।

इससे दुल्हन हीना शादी के जोड़े में मंडप में बैठकर दूल्हे का इंतजार करती रह गई।

ADVERTISEMENT

शिकायत

दुल्हन के पिता की शिकायत और पुलिस की कार्रवाई

दुल्हन के पिता ने बताया कि उन्होंने करीब 1,200 मेहमानों के खाने और शादी की अन्य तैयारियों पर 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए थे।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने 'डायल 112' पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद दुल्हन के पिता ने सोनीपत के सेक्टर-27 पुलिस थाने में दूल्हे कुलदीप, उसकी मां, भाई और भाभी सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

इस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENT