दिल्ली पुलिस पर स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार करने का दबाव, बुलंदशहर में हिरासत की खबर
क्या है खबर?
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान नाबालिग दलित छात्रा नीशु के पिता के सिर पर जानलेवा हमला करने वाले हिंदुवादी संगठन के स्वतंत्र भारद्वाज की तलाश तेज हो गई है। शुक्रवार को कांग्रेस, CJP, सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पीड़ित छात्रा के साथ संसद मार्ग पुलिस थाने का घेराव किया और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने 72 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
तलाश
आरोपी पर POCSO और हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग
उत्तर प्रदेश के नगीना से सांसद चंद्रशेखर ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा कि पुलिस ने 72 घंटे के अंदर स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार करने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि नीशु नाबालिग है, ऐसे में आरोपी के खिलाफ POSCO अधिनियम, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति और हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अगर सभी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो गृह मंत्री का घेराव करेंगे।
हिरासत
भारद्वाज को हिरासत में लेने की खबर, पुलिस ने नकारा
कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि भारद्वाज को बुलंदशहर में गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बुलंदशहर पुलिस ने दावों का खंडन किया है।
चोला पुलिस थाने के अधिकारी ने न्यूजबाइट्स को बताया कि अभी तक दिल्ली पुलिस ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया है, गिरफ्तारी की खबरें पूरी तरह फर्जी हैं।
कई जगह दिल्ली पुलिस के सादी वर्दी में बुलंदशहर पहुंचने की बात कही जा रही है। हालांकि, भारद्वाज की तलाश तेज है।