दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल ने फूड डिलीवरी एजेंट को गोली मारी, छाती से आर-पार हुई
क्या है खबर?
दिल्ली के द्वारका में रविवार रात को दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने एक 21 वर्षीय फूड डिलीवरी एजेंट की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना द्वारका के जाफरपुर कलां गांव में तड़के 2:30 बजे की है। गोली चलाने वाले आरोपी हेड कांस्टेबल की पहचान नीरज के तौर पर हुई है। मृतक फूड डिलीवरी एजेंट पांडव कुमार है और घायल उसका दोस्त कृष्ण है। आरोपी नीरज फरार है जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने टीम लगाई है।
घटना
क्या है पूरा मामला?
जाफरपुर इलाके में दिहाड़ी मजदूर रूपेश ने अपने बेटे के दूसरे जन्मदिन पर पार्टी रखी थी, जिसमें लगभग 20 लोग शामिल हुए थे। पार्टी खत्म होने के बाद लोग अपने-अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान, पांडव अपने दोस्त कृष्णा और 6 लोग दोपहिया वाहनों में बैठकर बात कर रहे थे। तभी रूपेश के घर से 50 मीटर दूर रहने वाला हेड कांस्टेबल नीरज वहां पहुंचा और बहस करने लगा। इसी बीच, उसने पांडव के सीने पर गोली चला दी।
घटना
पांडव के सीने को पारकर गोली कृष्णा को लगी
नीरज की गोली पांडव के सीने को भेदते हुए निकल गई और उसकी बाइक पर पीछे बैठे कृष्ण के पेट के दाहिने हिस्से में जा लगी। पांडव की मौके पर मौत हो गई, जबकि कृष्णा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी नीरज मौके से फरार हो गया। नीरज दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल है और स्पेशल सेल में तैनात है। वह हरियाणा में रोहतक के बहू अकबरपुर गांव का निवासी है और 15 सालों से अकेला रह रहा है।
जांच
सड़क पर खड़े होने को लेकर विवाद, जातिसूचक गालियां दी
हिंदुस्तान टाइम्स ने मृतक पांडव की मां के हवाले से बताया कि आरोपी नीरज नशे की हालत में था और उसने पांडव के अपने दोस्तों के साथ सड़क पर खड़े होने पर आपत्ति जताई थी। उनका मां का आरोप है कि नीरज ने पांडव से उसकी जाति के बारे में पूछा और गालियां दी, उसे जैसे ही पता चला कि पांडव बिहार से हैं, उसने गोली चलाई और भाग गया। पांडव अपने घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।