CJP के प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस का बड़ा कदम, रद्द की सभी कर्मचारियों की छुट्टी
क्या है खबर?
NEET-UG पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोज जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में जारी विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस ने कानून व्यवस्था की मजबूती के लिए अगले आदेश तक सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अब किसी भी पुलिसकर्मी को आकस्मिक अवकाश और अर्जित अवकाश सहित कोई भी नियमित अवकाश नहीं दिया जाएगा।
आदेश
सभी स्तर के अधिकारी और कर्मचारियों पर लागू होगा आदेश
पुलिस आयुक्त की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यह निर्देश सभी स्तर के अधिकारियों और कर्मियों पर लागू होगा।
छुट्टी केवल वास्तविक आपातकालीन स्थितियों में ही स्वीकृत की जाएगी और वह भी सक्षम प्राधिकारी द्वारा सत्यापन और अनुमोदन के बाद।
इसमें सभी पुलिस उपायुक्तों (DCP) को यह सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है कि निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए ताकि तैनाती के लिए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध रहे।
प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए आयुक्त की स्वीकृति अनिवार्य
निर्देश में कहा गया है कि अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस आयुक्त की अनुमति के बिना किसी भी पुलिसकर्मी को प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में भाग लेने की अनुमति नहीं होगी।
यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब अधिकारी छात्र प्रदर्शनों पर लगातार नजर रख रहे हैं और राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
इस आदेश का उद्देश्य आपात स्थिति में सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए है।
पहचान
पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों की हो चुकी है पहचान
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनों के दौरान हिंसा में कथित रूप से शामिल व्यक्तियों की पहचान शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस शांतिपूर्ण प्रदर्शनों में भाग लेने वाले छात्रों की चिंताओं को सुनने के लिए तत्पर है, लेकिन उन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी जिन्होंने कथित तौर पर विरोध प्रदर्शनों का फायदा उठाया और सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया।