टैक्सी के लालच में कैब ड्राइवर की हत्या, दिल्ली पुलिस ने नाबालिग समेत 5 को दबोचा
देश
दिल्ली पुलिस ने 22 साल के कैब ड्राइवर आशिष पाल के अपहरण और हत्या के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तार किए गए लोगों में एक नाबालिग भी शामिल है। आशिष 19 जुलाई से लापता थे।
उन्होंने जसोला से जयपुर के लिए एक ऑफलाइन बुकिंग ली थी और तभी से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। 22 जुलाई को जयपुर-अजमेर मार्ग पर उनका शव बरामद हुआ था।
टैक्सी बेचने के लिए हत्या की योजना बनाई गई थी
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने आशिष पाल की हत्या करने, उनकी कार और निजी सामान चुराने और फिर कार बेचकर मिले पैसे को आपस में बांटने की योजना बनाई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद, आरोपी अजमेर और नागौर गए और उन्होंने टैक्सी को नागौर जिले में छोड़ दिया था। पुलिस ने तकनीकी जांच की मदद से संदिग्धों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस मामले में अभी भी एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।