दिल्ली संसद मार्च: CJP का पदर्शन जारी रखने का ऐलान, जानिए दिनभर के प्रमुख घटनाक्रम
क्या है खबर?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से NEET-UG पेपर लीक और शिक्षा सुधारों को लेकर सोमवार (20 जुलाई) को किए गए 'संसद चलो' मार्च के कारण दिल्ली में दिनभर गहमाहमी रही। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस को बल प्रयोग भी करना पड़ा। इसके बाद CJP प्रतिनिधियों ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर 3 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस दौरान पुलिस ने जंतर-मंतर को खाली करा दिया, तो CJP ने प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान कर दिया।
सख्ती
बैरिकेडिंग और पुलिस का लाठीचार्ज
सुबह संसद मार्च के लिए जंतर-मंतर से संसद भवन की तरफ बढ़ रहे हजारों छात्रों और CJP कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने रायसीना रोड और संसद मार्ग थाने के पास भारी बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।
इस दौरान बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी दागे। प्रदर्शनकारियों ने भी विरोध किया।
इसमें कुछ प्रदर्शकारी और पुलिसकर्मी घायल हो गए। इससे मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
इंतजाम
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और इंटरनेट बंद
सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली मेट्रो ने जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए।
इसके अलावा, दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले में धारा 163 (BNSS) लागू कर दी और विरोध स्थल के आसपास मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया।
इस बीच जंतर-मंतर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के 3 पदाधिकारियों की अभिनेत्री शबाना आजमी, सांसद मनोज झा और अभिनेता प्रकाश राज ने भूख हड़ताल तुड़वाई।
कार्रवाई
पुलिस ने डिंपल यादव समेत कई को हिरासत में लिया
समाजवादी पार्टी की लोकसभा सांसद डिंपल यादव और कई अन्य विपक्षी नेताओं को दिल्ली पुलिस ने उस समय हिरासत में ले लिया, जब वे छात्रों के समर्थन में इस मार्च में शामिल होने पहुंच गए।
इसी तरह पुलिस ने मंडी हाउस, पटेल चौक, जनपथ, जंतर-मंतर और संसद मार्ग जैसे प्रमुख स्थानों पर भी कार्रवाई करते हुए सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
संसद भवन के बेहद करीब (आरबीआई बिल्डिंग के पास) से भी 7 लोगों को हिरासत में लिया गया।
संसद
संसद में उठा लाठीचार्ज का मुद्दा
बाहर चल रहे इस मार्च का सीधा असर संसद के भीतर भी दिखा।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य विपक्षी सांसदों ने NEET-UG पेपर लीक और CJP प्रदर्शन को लेकर भारी हंगामा किया, जिसके कारण राज्यसभा की कार्यवाही को बार-बार स्थगित करना पड़ा।
राज्यसभा में खड़गे ने कहा कि सरकार युवाओं की आवाज को दबाना और कुचलना चाहती है।
इसी तरह का हंगामा लोकसभा में भी देखने को मिला और वहां भी कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
प्रयास
सरकार ने CJP प्रतिनिधियों से की मुलाकात
दोपहर में सरकार ने बढ़ते विरोध प्रदर्शन को देखते हुए CJP प्रतिनिधियों से मुलाकात की पहल की।
इसके बाद CJP प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा के आवास पर उनसे मुलाकात की और अपना 3 सूत्री मांगपत्र सौंपा।
इसमें पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को तुरंत रिहा करना, शिक्षा मंत्री धर्मेंद प्रधान का तत्काल इस्तीफा और आत्महत्या करने वाले NEET अभ्यर्थियों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये मुआवजा देना शामिल है।
जानकारी
नड्डा ने वरिष्ठ नेताओं से बात करके फैसला लेने की बात कही
मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री नड्डा ने आश्वासन दिया कि वे अपने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से इस मामले में बातचीत करेंगे और जो भी फैसला लिया जाएगा उससे अवगत कराया जाएगा। हालांकि, उन्होंने ठोक कार्रवाई का भरोसा नहीं दिलाया।
कार्रवाई
पुलिस ने खाली कराया जंतर-मंतर
शाम को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांगचुक और CJP के कार्यकर्ताओं का मुख्य धरना मंच पूरी तरह खाली करा दिया।
इसके बाद वहां प्रदर्शनकारियों के प्रवेश पर रोक लगाते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस ने वहां लगे सभी टेंट और तंबू भी हटा दिए।
ऐसे में CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके को अपना अनशन तोड़ना पड़ा।
इसी तरह पुलिस ने मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास को भी हिरासत में लेकर उपायुक्त (DCP) कार्यालय भेज दिया गया।
ऐलान
CJP ने किया प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान
पुलिस के जंतर-मंतर को खाली करने के बाद CJP ने एक्स पर लिखा, 'अभिजीत दिपके गिरफ्तार नहीं हुए। मुख्य मंच हटने के बाद भी आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। दिपके, दास, रांका और सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो अभी भी जंतर-मंतर पर अपना धरना प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं। ये सभी नेता इस वक्त जंतर-मंतर पर स्थित केरल हाउस के ठीक सामने सड़क पर बैठकर अपना विरोध जता रहे हैं। यह प्रदर्शन मांगे पूरी होने तक जारी रहेगा।'
अनशन
वांगचुक ने भी अनशन जारी रखने का किया ऐलान
पुलिस कार्रवाई को लेकर वांगचुक ने एक्स पर लिखा, 'शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ जिस क्रूरता से व्यवहार किया जा रहा है, उसे देखते हुए मैंने फैसला किया है कि मैं अपना अनशन तब तक जारी रखूंगा जब तक युवा नेताओं को संसद भवन में सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं मिल जाती, या मुझे अस्पताल में उनसे मिलने की अनुमति नहीं मिल जाती। युवाओं की शांति से मैं बहुत प्रभावित और भावुक हूं।'
चेतावनी
पुलिस के 50 जवान घायल, दर्ज की जाएगी FIR
दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, आज के विरोध में 50 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। संसद पुलिस स्टेशन के आस पास कई गाड़ियों में तोड़ फोड़ की गई। पुलिस इस मामले में कई FIR दर्ज करेगी।
पुलिस के अनुसार, कनॉट प्लेस के पास पत्थरबाजी हुई। उसके बाद पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी। अलग-अलग जगहीं से कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है।
बैठक
अमित शाह ने धर्मेंंद्र प्रधान के साथ की मैराथन बैठक
CJP के प्रदर्शन और संसद में विपक्ष के हंगामे को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ करीब साढ़े 3 घंटे तक अहम बैठक की।
यह बैठक संसद भवन परिसर में शाह के कार्यालय में हुई। इस बैठक में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद थे।
हालांकि बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई, लेकिन इसमें अहम निर्णय लेने की सूचना आ रही है।