Page Loader
दिल्ली: तेज संगीत बजाने का विरोध करने पर गर्भवती महिला को गोली मारी, पड़ोसी गिरफ्तार
दिल्ली में तेज संगीत बजाने का विरोध करने पर गर्भवती महिला को गोली मारी (तस्वीर: unsplash)

दिल्ली: तेज संगीत बजाने का विरोध करने पर गर्भवती महिला को गोली मारी, पड़ोसी गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Apr 04, 2023
12:18 pm

क्या है खबर?

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सिरसपुर में तेज आवाज में संगीत बजाने का विरोध करने पर एक गर्भवती महिला रंजू को गोली मार दी गई। उनकी हालत नाजुक है। गोली मारने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने महिला के पड़ोसी हरीश और उसके दोस्त अमित को गिरफ्तार किया है। बंदूक अमित की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना देर रात 12ः15 बजे हुई। महिला मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं। उनका गर्भपात हो गया है। वह अभी बयान नहीं दे सकतीं।

घटना

कुआं पूजन के दौरान बजा रहे थे संगीत

पुलिस के मुताबिक, रंजू की भाभी ने अपना बयान दर्ज कराया है। वह घटना की प्रत्यक्षदर्शी हैं। उन्होंने बताया कि हरीश के घर कुआं पूजन के दौरान तेज संगीत बज रहा था। पड़ोस में रहने वाली रंजू तेज आवाज से परेशान होकर बालकनी में आईं और हरीश से संगीत बंद करने को कहा। आरोप है कि हरीश ने दोस्त अमित से बंदूक ली और गोली चला दी, जो महिला को लगी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।