Loading...
दिल्ली-NCR में पिछले साल के मुकाबले 6 गुना बढ़े स्वाइन फ्लू के मरीज, सांस की शिकायत
दिल्ली-NCR में पिछले साल के मुकाबले 6 गुना बढ़े स्वाइन फ्लू के मरीज

दिल्ली-NCR में पिछले साल के मुकाबले 6 गुना बढ़े स्वाइन फ्लू के मरीज, सांस की शिकायत

लेखन गजेंद्र
Aug 21, 2026
12:08 pm

क्या है खबर?

दिल्ली और आसपास के इलाकों में बदलते मौसम की वजह से इंफ्लूएंजा H1N1 (स्वाइन फ्लू) के मरीजों में तेजी से बढ़ोतरी दिख रही है। राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC) के मुताबिक, दिल्ली में 12 अगस्त तक 1,449 मामले सामने आ चुके हैं, जो पिछले साल के मुकाबले 6 गुना अधिक हैं। पिछले साल इसी अवधि में 229 मामले थे। दिल्ली-NCR में कई डॉक्टर और एक सरकारी अस्पताल के प्रमुख भी पीड़ित हैं। लोगों में सांस संबंधी शिकायतें बढ़ रही है।

संक्रमण

11 अगस्त को मिले सबसे अधिक मामले

दिल्ली में अब तक दर्ज किए गए H1N1 के 1,449 मामलों में से 63 मामले 11 अगस्त को सामने आए हैं। वर्ष 2019 में दिल्ली में H1N1 के 3,637 मामले और 31 मौतें दर्ज की गई थीं।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि दिल्ली सरकार के अस्पताल इस स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

राममनोहर लोहिया और सफदरजंग अस्पताल में बढ़ते मामलों से निपटने के लिए विशेष और अलग वार्ड बनाए गए हैं।

बीमार

मरीजों में गिर रहा ऑक्सीजन का स्तर

इंडिया टुडे के मुताबिक, संक्रमण से पीड़ित मरीजों में सांस लेने की तकलीफ और ऑक्सीजन स्तर गिरने की शिकायत मिल रही है। हालांकि, यह गंभीर स्तर पर नहीं है।

डॉक्टरों ने बुजुर्गों, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों जैसे संवेदनशील लोगों को सतर्क रहने को कहा है।

डॉक्टरों ने मरीजों को सर्दी जुकाम होने और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकों से संपर्क करने को कहा है।

ADVERTISEMENT

संक्रमण

क्या है स्वाइन फ्लू?

स्वाइन फ्लू H1N1 इंफ्लुएंजा वायरस से होने वाला संक्रमण है। ये वायरस आमतौर पर सुअरों में पाया जाता है और इसी से इसका नाम 'स्वाइन फ्लू' पड़ा है।

अप्रैल, 2009 में इसे सबसे पहले मेक्सिको में पहचाना गया और पूरी दुनिया में फैल गया था। तब भारत में 1,500 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।

खांसी, गले में दर्द, बुखार, सिरदर्द, ठंड लगना, थकान, उल्टी, सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द होने पर डॉक्टर से मिलना चाहिए।

ADVERTISEMENT