Page Loader
दिल्ली: नंदनगरी इलाके में दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी की मौत, हमलावर ने आत्महत्या की
दिल्ली के नंदनगरी इलाके में अंधाधुंध गोलीबारी में पुलिसकर्मी की मौत

दिल्ली: नंदनगरी इलाके में दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी की मौत, हमलावर ने आत्महत्या की

लेखन गजेंद्र
Apr 16, 2024
03:53 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के नंदनगरी इलाके में मंगलवार दोपहर करीब 12:00 बजे एक व्यक्ति ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिसकी चपेट में आकर एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। आज तक के मुताबिक, मृतक पुलिसकर्मी सहायक उपनिरीक्षक दिनेश शर्मा हैं। वह दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच में तैनात थे। गोलीबारी में करावल नगर के शिव विहार निवासी अमित कुमार भी घायल हुए हैं। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपी मुकेश कुमार ने खुद को भी गोली मारकर खत्म कर लिया।

गोलीबारी

बाल-बाल बच गए 2 लोग

रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी मुकेश ने मीत नगर फ्लाईओवर पर दोपहर में 7.65mm की पिस्टल से अचानक गोलियां चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान एक बाइक सवार मुकेश की गोली से बाल-बाल बच गया, लेकिन पीछे बाइक से आ रहे दिनेश कुमार पर उसने तुरंत गोली चला दी। गोली लगने के बाद दिनेश घायल हो गए। उनको आसपास के लोगों ने अस्पताल भेजा, जहां उनको मृत घोषित कर दिया। इसके बाद व्यक्ति ने अमित पर गोली चलाई।

जांच

आरोपी ने ऑटो चालक पर भी चलाई गोलियां

घटना के समय अमित स्कूटी से जा रहे थे। उनके कमर पर गोली लगी है। अमित जीटीबी अस्पताल में भर्ती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी मुकेश घटना के बाद एक ऑटो में बैठ गया और चालक से चलाने को कहा। ऑटो चालक के मना करने पर मुकेश ने उस पर भी गोली चला दी, लेकिन ऑटो चालक बच गया। इसके बाद मुकेश ने खुद के सिर पर गोली मार ली। पुलिस ने गोलीबारी के कारणों का खुलासा नहीं किया है।