Page Loader
दिल्ली में बढ़ गया मेट्रो का किराया? DMRC ने बताई सच्चाई
दिल्ली मेट्रो के किराए में बढ़ोतरी को लेकर DMRC की सफाई

दिल्ली में बढ़ गया मेट्रो का किराया? DMRC ने बताई सच्चाई

लेखन गजेंद्र
Feb 12, 2025
06:40 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि दिल्ली मेट्रो के किराए में वृद्धि हो गई है और इस आगे बढ़ाए जाने की संभावना है। अफवाहों के लगातार फैलने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने इसका खंडन किया है। निगम ने एक्स पर सफाई दी कि दिल्ली मेट्रो के किराए संशोधन को लेकर कई दावे किए जा रहे हैं, जबकि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है।

सफाई

दिल्ली मेट्रो ने क्या कहा?

DMRC ने एक्स पर लिखा, 'सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट के जरिए दावा किया गया है कि दिल्ली मेट्रो के किराए में संशोधन किया गया है। दिल्ली मेट्रो के किराए में संशोधन केवल एक स्वतंत्र किराया निर्धारण समिति द्वारा किया जा सकता है, जिसे सरकार द्वारा नामित किया जाता है। वर्तमान में किसी भी किराया निर्धारण समिति के गठन का कोई प्रस्ताव नहीं है।' सोशल मीडिया में दावा किया जा रहा था कि किराए में 50 प्रतिशत वृद्धि हुई है।

अफवाह

बेंगलुरु और गुरुग्राम मेट्रो के किराए में हुई है बढ़ोतरी

दरअसल, पिछले दिनों खबर आई कि बेंगलुरु की नम्मा मेट्रो और गुरुग्राम में चलने वाली रैपिड मेट्रो के किराए में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद सोशल मीडिया में दिल्ली मेट्रो के किराए की बढ़ोतरी की खबरें सामने आने लगी। सोशल मीडिया पर लोगों ने दावा किया कि दिल्ली में भाजपा सरकार आते ही मेट्रो के किराए बढ़ गए हैं। बता दें, बेंगलुरु मेट्रो ने 8 फरवरी को किराए में 50 प्रतिशत की वृद्धि की है।