प्रेम-विवाह के बाद कार और पैसे की मांग; 72 दिन बाद पत्नी की मौत, पति गिरफ्तार
क्या है खबर?
दिल्ली की लोधी कॉलोनी इलाके में शनिवार को 28 वर्षीय नवविवाहिता आकृति सुतार की तीसरी मंजिल से गिरकर हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति अरस्तु सिक्का (32) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि महिला के परिजनों ने घटना को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताया है और उसके पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आकृति की मां ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
घटना
क्या है मामला?
संगम विहार निवासी आकृति ने इसी साल 24 अप्रैल को पुष्प विहार निवासी अरस्तु से प्रेम विवाह किया था। शादी के लिए दोनों परिवार रजामंद थे। आकृति छतरपुर स्थित एक कंपनी में सेल्स एक्जीक्यूटिव थीं। वह शनिवार सुबह कार्यालय गई और शाम साढ़े 7 बजे पता चला कि आकृति की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई है। आकृति का शव ससुराल से 15 किलोमीटर दूर नगर महापालिका की सोसाइटी में मिला है, जहां से उसका कोई वास्ता नहीं।
आरोप
दहेज और मारपीट का आरोप
आकृति के परिजनों का कहना है कि उसका पति अरस्तु बेरोजगार था, जबकि ससुर नगर महापालिका में सेक्शन ऑफिसर हैं। आरोप है कि अरस्तु का परिवार शादी के बाद दहेज न लाने से नाराज था। आरोप है कि उन्होंने मिलकर आकृति का उत्पीड़न किया और उसकी हत्या कर दी। मृतका के चाचा ने बताया कि आरोपी परिवार ने प्रेम विवाह के बाद भी कार और 10 लाख रुपये मांगे थे। वे लगातार शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना दे रहे थे।
जांच
आकृति के काम के खिलाफ था पति
आरोप है कि अरस्तु आकृति के नौकरी करने के खिलाफ था, लेकिन बाद में उसने पूरा वेतन उसे सौंपने की मांग की थी। बताया जा रहा है कि आकृति के परिवार में उनकी मां और भाई के अलावा कोई नहीं है। वह हर महीने 5,000 रुपये अपनी मां को भेजना चाहती थी, जिसका अरस्तु और उसका परिवार विरोध कर रहा था। अरस्तु ने उसका नौकरी पर जाना बंद कर दिया था। शनिवार को आकृति कई दिन बाद कार्यालय गई थी।