दिल्ली की लोधी कॉलोनी में एक घर में लगी आग, मां और 2 बेटियों की मौत
क्या है खबर?
दिल्ली की लोधी कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक घर में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत हुई है। अग्निशमन विभागके अधिकारियों ने बताया कि बीके दत्त आवासीय क्षेत्र में सुबह साढ़े 10 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग घर की तीसरी मंजिल पर लगी थी। मृतकों में 3 महिलाएं हैं, जिसमें एक मां और 2 बेटियां शामिल हैं।
हादसा
महिला ने किया था पुलिस को फोन
NDTV के मुताबिक, एक महिला ने सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को आग लगने की जानकारी दी थी। उसने बताया था कि वह घर के अंदर फंस गई है।
पुलिस और दमकल कर्मियों ने जब तक बचाव अभियान शुरू किया, तब तक महिला और उनकी बेटियों की आग की चपेट में आने से मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने बताया कि करीब 45 मिनट में आग बुझाने के बाद जब वे घर में दाखिल हुए तो 3 शव मिले थे।
जांच
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
पुलिस ने बताया कि एक महिला की उम्र 45 साल और 2 बेटियों की उम्र 7 साल और 13 साल बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।