Page Loader
दिल्ली: तेज बुखार आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन

दिल्ली: तेज बुखार आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन

Jun 16, 2020
01:18 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को अचानक बुखार होने और ऑक्सीजन स्तर में गिरावट आने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जैन ने ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, 'तेज बुखार और ऑक्सीजन स्तर में अचानक आई कमी के कारण मैं राजीव गांधी सुपर स्पैशियलटी अस्पताल में भर्ती हुआ हूं। आपको जानकारी देता रहूंगा।' मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सांस लेने में हो रही परेशानी के कारण उन्हें फिलहाल ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।

जानकारी

जैन को सोमवार रात को हुआ तेज बुखार

सोमवार रात को सोमवार रात जैन को तेज बुखार हुआ ऑक्सीजन स्तर पर अचानक से कमी आ गई। इस वजह से उन्हें सांस लेने में भी परेशानी होने लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका कोरोना वायरस टेस्ट किया जा चुका है और अब रिपोर्ट का इंतजार है। बता दें कि राजधानी दिल्ली कोरोना वायरस के कारण देश के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में शामिल है। यहां तेजी से संक्रमण फैल रहा है।

बयान

अस्पताल ने भी जारी किया बयान

राजीव गांधी अस्पताल की ओर से भी सत्येंद्र जैन को लेकर बयान आया है। अस्पताल ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री का ब्लड सैंपल ले लिया गया है। अस्पताल में ही जांच की सुविधा है। बयान में कहा गया है कि अभी उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टर कोरोना वायरस के लक्षण मानकर चल रहे हैं। रिपोर्ट आते ही आगे का इलाज शुरू होगा। सत्येंद्र जैन ऑक्सीजन बेड पर हैं क्योंकि उन्हें बीच-बीच में इसकी जरूरत पड़ रही है।

जानकारी

कई महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल हुए थे जैन

मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि बीते दो-तीन दिन से जैन की तबीयत खराब है। रविवार को उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बुलाई गई बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप राज्यपाल अनिल बैजल आदि के साथ हिस्सा लिया था।

दिल्ली

अरविंद केजरीवाल की भी तबीयत हुई थी खराब

दिल्ली में कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबीयत भी कुछ दिन पहले खराब हुई थी। कोरोना वायरस के लक्षण दिखने के बाद उन्होंने खुद को आईसोलेट कर लिया था, जिसके बाद उनका कोरोना वायरस टेस्ट किया गया। राहत की बात यह रही कि इसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई। तबीयत ठीक होने के बाद वो फिर मैदान में उतर आए और कई जरूरी बैठकों में हिस्सा लिया।

हालात

दिल्ली में लगभग 43,000 लोग संक्रमित

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, यहां अब तक 42,829 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 25,002 का इलाज चल रहा है, 16,427 लोग ठीक हुए हैं और 1,400 लोगों की मौत हो गई है। दिल्ली में बिगड़ते हालातों को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद मैदान में उतरे हैं। उन्होंने सोमवार को कुछ अस्पतालों का मुआयना भी किया था।

जानकारी

देशभर में 3.43 लाख लोग संक्रमित

देश में अभी तक कुल 3,43,091 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से सक्रिय मामलों की संख्या 1,53,178 और ठीक होने वालों की 1,80,013 है। वहीं कुल 9,900 लोगों की इस खतरनाक वायरस के कारण मौत हो चुकी है।