दिल्ली में बस स्टॉप को बनाया जाएगा आधुनिक, मेट्रो ट्रेनों की तरह जानकारी मिलेगी
क्या है खबर?
दिल्ली में 3,575 बस स्टॉप शेल्टरों का कालाकल्प करके उनको आधुनिक बनाया जाएगा, जिससे यहां दिल्ली मेट्रो की ट्रेनों की तरह बस की भी जानकारी मिल सके। दिल्ली परिवहन अवसंरचना विकास निगम (DTIDC) के माध्यम से शुरू की जा रही परियोजना में यात्रियों को बस स्टॉप शेल्टर पर कई सुविधाएं मिलेंगी और उसे यात्रियों के अनुकूल बनाया जाएगा। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, परियोजना के लिए टेंडर अगले सप्ताह निकाले जाएंगे, जिसमें 6 महीने में कार्य पूरा करने की शर्त होगी।
परियोजना
किस तरह से बदलेगा बस स्टॉप?
रिपोर्ट के मुताबिक, बस स्टॉप पर डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, रूट मैप और वास्तविक समय में बस ट्रैकिंग की सुविधा होगी, जिससे यात्रियों को आने वाली बसों और उनके अनुमानित आगमन समय की जानकारी मिल सकेगी।
परियोजना 650 करोड़ रुपये की होगी, जिसमें पैनिक अलार्म, LED लाइटिंग और अन्य यात्री सुविधाएं भी शामिल होंगी।लागत में 20 वर्षों का रखरखाव भी शामिल है।
बस स्टॉप में मौसम की जानकारी देने वाले डिस्प्ले, सोलर पैनल और डिजिटल विज्ञापन पैनल भी होंगे।
परियोजना
बस स्टॉप पर ही देख सकेंगे बस कहां पहुंची
परिवहन विभाग बसों के ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (GPS) पर काम कर रही है, ताकि यात्री देख सकें कि कौन सी बस उनके स्टॉप आ रही है और उसके आने का अनुमानित समय क्या है, जैसा कि मेट्रो स्टेशनों पर होता है।
अधिकारियों ने बताया कि विभाग मेट्रो शैली के रूट मैप पर भी काम कर रहा है, जिसमें प्रत्येक शेल्टर से चलने वाली बसों की जानकारी होगी।
परियोजना प्रबंधन सलाहकार उन क्षेत्रों की पहचान करेंगे, जहां नए बस स्टॉप चाहिए।