स्वतंत्रता दिवस से पहले लाल किला और एयरपोर्ट समेत कई जगह बम से उड़ाने की धमकी
क्या है खबर?
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले शुक्रवार को दिल्ली में एक के बाद एक कई प्रमुख कार्यालयों को बम धमाकों की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि अज्ञात ईमेल से दिल्ली हाई कोर्ट, लाल किला और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को उड़ाने की धमकी दी गई है। हाई कोर्ट को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने दिल्ली पुलिस को सूचना दी। इसके बाद अलर्ट जारी किया गया है।
धमकी
दोपहर में बम धमाके की बात
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में 15 अगस्त की दोपहर 2:11 बजे हाई कोर्ट में और दोपहर बाद 3:11 बजे जिला अदालतों में धमाका करने की बात कही गई है।
पुलिस ने हाई कोर्ट में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड की सहायता से जांच शुरू कर दी है। अभी तक ईमेल भेजने वाले के बारे में पता नहीं चला है।
हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 पर भी एक टीम पहुंची है और जांच कर रही है।
सुरक्षा
लाल किले पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बड़े भवनों के अलावा जाम नगर हाउस, झंडेवालन बिल्डिंग, एमबी साकेत कार्यालय, जिलाधिकारी कार्यालय और उपजिलाधिकारी कार्यालय और दिल्ली छावनी में भी धमकी भरे फोन आए थे।
लाल किला पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त है। यहां कई स्तरीय सुरक्षा बल तैनात किया गया है। पूरे इलाके में भी एजेंसियों के लोग तैनात है।
दिल्ली में कई इलाकों में ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। अभी तक कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है।