दिल्ली में प्रति व्यक्ति आय 7.92 प्रतिशत बढ़ी, राष्ट्रीय औसत से ढाई गुना अधिक का अनुमान
क्या है खबर?
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली विधानसभा में 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया है, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी की मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाया गया है। सर्वेक्षण में अग्रिम अनुमान के मुताबिक, मौजूदा कीमतों पर प्रति व्यक्ति आय में 2024-25 के मुकाबले 7.92 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई है, जो 2025-26 में 5.31 लाख रुपये पहुंचने की संभावना है। यह आंकड़ा प्रति व्यक्ति आय को उसी अवधि के राष्ट्रीय औसत से लगभग 2.5 गुना अधिक दर्शाता है।
अर्थव्यवस्था
दिल्ली की GSDP में भी वृद्धि का अनुमान
सर्वेक्षण के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान मौजूदा कीमतों पर दिल्ली का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 13.27 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है। यह वित्त वर्ष 2025 की तुलना में 9.42 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करेगा। राज्य सरकार ने इसी अवधि के लिए 9,661.31 करोड़ रुपये के राजस्व अधिशेष की संभावना जताई है, जो GSDP का लगभग 0.73 प्रतिशत है। दिल्ली के कर संग्रह में भी पिछले वर्ष की तुलना में 15.54 प्रतिशत की वृद्धि होगी।
बजट
कल पेश किया जाएगा दिल्ली का बजट
दिल्ली का बजट मंगलवार को विधानसभा में पेश किया जाएगा। इससे पहले सोमवार को दिल्ली सरकार के मंत्रियों ने खीर बांटकर बजट का जश्न मनाया। बता दें कि वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट 1,00,000 करोड़ रुपये का था, जिसमें से 59,300 करोड़ रुपये राज्य योजनाओं, कार्यक्रमों और परियोजनाओं के लिए है। इस बजट की धनराशि 2024-25 के 39,000 करोड़ रुपये की तुलना में 20,300 करोड़ रुपये अधिक थी। इसमें सबसे अधिक हिस्सा 20 प्रतिशत परिवहन को मिला है।