दिल्ली: SUV स्कॉर्पियो से बाइक सवार को टक्कर मारने वाले नाबालिक आरोपी को कोई पछतावा नहीं
क्या है खबर?
दिल्ली के द्वारका में 3 फरवरी को अपनी SUV स्कॉर्पियों से एक 23 वर्षीय बाइक सवार को टक्कर मारने वाले नाबालिग आरोपी कार चालक को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। किशोर न्याय बोर्ड (JJB) ने पिछले दिनों अपने उसकी जमानत के आदेश में टिप्पणी की कि 17 वर्षीय आरोपी जीवन की कीमत नहीं समझता है और उसे कोई पछतावा नहीं है। बता दें कि नाबालिग आरोपी को बोर्ड परीक्षाओं के लिए जमानत मिली है।
आदेश
बोर्ड ने आदेश में क्या कहा?
हिंदुस्तान टाइम्स ने आदेश का हवाला देते हुए बताया कि बोर्ड ने 14 फरवरी के आदेश में कहा, "कानून के साथ संघर्ष में शामिल बच्चे से पूछताछ करने पर पता चलता है कि वह किसी व्यक्ति के जीवन के महत्व को नहीं समझता और अपने कृत्य के प्रति पश्चाताप नहीं करता है।" जमानत से पहले बोर्ड ने लड़के को "पुनर्वास और उचित परामर्श" के लिए और उसकी "सुरक्षा" के लिए एक निगरानी गृह में भेजने का आदेश दिया था।
तर्क
ट्रांसपोर्टर के नाबालिग आरोपी बेटे ने कोर्ट में क्या कहा?
ट्रांसपोर्टर के नाबालिग बेटे ने कोर्ट में तर्क दिया कि यह घटना पूरी तरह आकस्मिक थी और इसमें किसी को चोट पहुंचाने या मारने का इरादा नहीं था। हालांकि, आरोपी बेटे के पिता ने मीडिया के सामने अपने बेटे की गलती मानी है और घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने बताया कि घटना के दिन वह शहर के बाहर थे और उन्हें अपनी पत्नी से इसकी जानकारी मिली थी। पुलिस ने उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
जमानत
आरोपी को 9 मार्च तक मिली है जमानत
बोर्ड के सामने तर्क दिया गया कि आरोपी 10वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाला है और वह पढ़ाई में गोल्ड मेडलिस्ट है। इसके बाद बोर्ड ने उसे 10,000 रुपये के निजी मुचलके और एक जमानतदार के साथ परीक्षा के लिए 9 मार्च तक अंतरिम जमानत दी है। इस पूरी अवधि में उनके पिता को हिरासत में रखा जाएगा। बोर्ड ने यह भी कहा कि यह राहत अंतरिम है, इसे मिसाल न माना जाए। नियमित जमानत पर अगली सुनवाई होगी।
घटना
क्या है मामला?
द्वारका में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास 3 फरवरी को सुबह 11 बजे साहिल अपनी बाइक से कार्यालय जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार SUV ने उनको सामने से टक्कर मार दी। हादसे में साहिल की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक कैब चालक अजित सिंह घायल हो गए। मृतक की मां एकल अभिभावक थीं। उन्होंने वीडियो जारी कर न्याय की मांग की है। घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिसमें कार चालक की लापरवाही दिखी है।