LOADING...
दिल्ली में ऑटो-टैक्सी और ट्रांसपोर्ट चालकों की 3 दिवसीय हड़ताल शुरू, जानिए कहां-कहां आएगी समस्या
दिल्ली में ऑटो-टैक्सी और ट्रांसपोर्ट चालकों की 3 दिवसीय हड़ताल शुरू

दिल्ली में ऑटो-टैक्सी और ट्रांसपोर्ट चालकों की 3 दिवसीय हड़ताल शुरू, जानिए कहां-कहां आएगी समस्या

लेखन गजेंद्र
May 21, 2026
09:48 am

क्या है खबर?

दिल्ली में गुरुवार 21 मई से ऑटो और टैक्सी चालकों के अलावा माल ढुलाई करने वाले ट्रांसपोर्ट चालकों ने भी 3 दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। इससे न केवल 3 दिन तक ऑटो और टैक्सी की समस्या रहेगी बल्कि बाहर से आने वाली खाद्य सामग्री और जरूरी सामानों का भी अभाव हो सकता है। इस 3 दिन की हड़ताल से आम जनजीवन पर कितना असर पड़ेगा? आइए, जानते हैं।

हड़ताल

किसने बुलाई है हड़ताल?

यह हड़ताल अखिल भारतीय मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) और यूनाइटेड फ्रंट ऑफ ऑल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (UFTA) ने बुलाई है, जिसे सांकेतिक 'चक्का जाम' नाम दिया गया है। इस हड़ताल को दिल्ली और आसपास के 70 संगठनों का समर्थन मिला है। संभावना जताई जा रही है कि इससे 16 से 20 लाख वाहन चालक जुड़े हुए हैं। हालांकि, दिल्ली में सभी ऑटो और टैक्सी यूनियन हड़ताल में शामिल नहीं है। फिर भी इसका व्यापक असर दिख सकता है।

मांग

संगठनों की मांग क्या है?

ऑटो-टैक्सी चालकों की मांग है कि दिल्ली-NCR क्षेत्र में पिछले 15 सालों से टैक्सी के किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि CNG, पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही है। चालकों का कहना है कि ओला-उबर-रैपिडो जैसी ऐप-आधारित कैब कंपनियां भी लगातार लाभ को घटा रही हैं। AIMTC के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ हरीश सभरवाल का कहना है कि पर्यावरण क्षतिपूर्ति उपकर से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है, जिसे हटाया जाना चाहिए।

Advertisement

असर

हड़ताल का कितना दिखेगा असर? 

गुरुवार को हड़ताल को कई यूनियन ने समर्थन दिया है, जिससे सड़कों पर ऑटो रिक्शा और टैक्सी कम दिखीं। इसका असर मेट्रो पर दिखा, जहां भीड़ बढ़ गई। दिल्ली-NCR में रोजाना कई जरूरी चीजों की आपूर्ति बाहर से होती है, जो ट्रांसपोर्ट चालकों की हड़ताल से पटरी से उतर सकती है। दिल्ली की आजादपुर जैसी थोक मंडी में बाहरी राज्यों से आने वाली हरी सब्जियां और फल की आवक घटेगी। दूध और पेयजल टैंकर की आपूर्ति पर भी संकट आएगा।

Advertisement

निदान

हवाई अड्डा और रेलवे स्टेशन जाने वालों को समस्या

दिल्ली में ऑटो और टैक्सी की हड़ताल के बाद मेट्रो और दिल्ली परिवहन बस (DTC) में काफी भीड़ हो सकती है। हालांकि, इनके फेरे बढ़ाए जाने की संभावना है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के साथ नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाले यात्रियों को टैक्सी और ऑटो न मिलने से समस्या हो सकती है। दिल्ली आने वाले पर्यटकों को भी ऑटो-टैक्सी न मिलने पर दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।

ट्विटर पोस्ट

दिल्ली में आज ऑटो-टैक्सी चालकों की हड़ताल

Advertisement