Loading...
ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, क्या हो सकती है गिरफ्तारी?
ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी

ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, क्या हो सकती है गिरफ्तारी?

लेखन गजेंद्र
Nov 23, 2026
02:58 pm

क्या है खबर?

दिल्ली की एक कोर्ट ने सोमवार को मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ 2018 के एक मामले में गैर-जमानती वारंट जारी किया है। ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास अनम रईस खान ने यह आदेश विकास सांकृत्यायन उर्फ ​​विकास पांडे द्वारा दायर मानहानि के मामले में दिया है। पांडे फेसबुक पेज 'आई सपोर्ट नरेंद्र मोदी' के संस्थापक हैं। राठी अभी जर्मनी में हैं। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को तय की है।

आरोप

क्या है मामला?

यह मामला मई 2018 में राठी के बनाए एक वीडियो से जुड़ा है, जिसमें आरोप है कि भाजपा के IT सेल ने पांडे को रिश्वत देने की कोशिश की थी।

तब राठी के वीडियो को दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने साझा किया था, जिसके बाद पांडे ने केजरीवाल और राठी दोनों के खिलाफ मानहानि का मामला दायर किया।

राठी पर बदनाम करने का आरोप है, जिसमें पांडे का दावा है कि इससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।

सुनवाई

अक्टूबर में हिरासत में लिए गए थे राठी

पिछले महीने राठी जर्मनी से भारत आए थे। तब उन्होंने 8 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी के बेंगलुरु आंदोलन में हिस्सा लिया था।

इसके बाद, दिल्ली पुलिस ने उन्हें 10 अक्टूबर को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित घर से हिरासत में ले लिया। उस दिन राठी दिल्ली में प्रदर्शन करने वाले थे।

कोर्ट ने 12 अक्टूबर को राठी के खिलाफ जल्दी सुनवाई और दस्ती (हाथ से) समन जारी करने की याचिका मान ली थी।

ADVERTISEMENT

गिरफ्तार

क्या गिरफ्तार हो सकते हैं राठी?

राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने से पहले कोर्ट 2 जमानती वारंट जारी कर चुकी है।

कोर्ट के सामने उनकी पेशी और वारंट की सर्विस से जुड़ी मुश्किलों की वजह से गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है।

मामले में पुलिस सीधे जर्मनी जाकर राठी को गिरफ्तार नहीं कर सकती, बल्कि भारत आने पर हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया जा सकता है।

हालांकि, राठी इस वारंट को रद्द करने के लिए कोर्ट जा सकते हैं। उनके पास कई विकल्प हैं।

ADVERTISEMENT