LOADING...
दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मांगा LG का इस्तीफा
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मांगा LG का इस्तीफा

दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मांगा LG का इस्तीफा

Jun 26, 2023
01:17 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में कथित तौर पर बिगड़ रही कानून-व्यवस्था को लेकर उपराज्यपाल (LG) विनय कुमार सक्सेना पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने LG के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उन्हें अपनी जगह किसी ऐसे व्यक्ति को दे देनी चाहिए, जो दिल्ली के लोगों को सुरक्षा प्रदान कर सके। केजरीवाल ने यह मांग प्रगति मैदान टनल में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात के बाद की है।

लूट 

प्रगति मैदान टनल में क्या हुआ?

दिल्ली के इंडिया गेट और रिंग रोड को आपस में जोड़ने वाली प्रगति मैदान टनल में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बाइक सवार 4 बदमाशों ने एक कार को रोक लिया था और बंदूक के बल पर कार सवार डिलीवरी एजेंट से करीब 2 लाख रुपये का बैग छीनकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात टनल में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसकी वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।

ट्वीट 

केजरीवाल ने क्या कहा? 

दिनदहाड़े हुई इस लूट की वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए केजरीवाल ने लिखा, 'LG को इस्तीफा देना चाहिए। वह किसी ऐसे व्यक्ति को अपनी जगह दें, जो दिल्ली के लोगों को सुरक्षा प्रदान कर सके।" उन्होंने आगे लिखा, 'अगर केंद्र सरकार दिल्ली को सुरक्षित नहीं बना सकती तो इसे हमें सौंप दें। हम आपको दिखाएंगे कि किसी शहर को उसके नागरिकों के लिए कैसे सुरक्षित बनाया जाता है।'

हमला 

आतिशी बोलीं- अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी पर ध्यान दें LG 

दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने भी प्रगति मैदान टनल में हुई लूट की वारदात की वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए LG से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने लिखा, 'LG साहब, अगर आपको मुख्यमंत्री केजरीवाल के कामों का क्रेडिट लेने से फुर्सत मिले तो कभी अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी पर भी ध्यान दीजिए। दिल्लीवालों को सुरक्षा देना आपका काम है। या तो आप सुरक्षा की जिम्मेदारी लीजिए, वरना इस्तीफा दे दीजिए।'

हमला 

केजरीवाल सरकार को सौंपी जाए कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी- AAP

दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी ट्वीट कर LG विनय कुमार सक्सेना पर निशाना साधा। AAP ने लिखा, 'दिल्ली में हर दिन हत्याएं और लूटपाट हो रही हैं, LG साहब इस्तीफा दें और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी केजरीवाल सरकार को सौंप दें। अगर केंद्र सरकार दिल्ली को सुरक्षित नहीं बना सकती तो केजरीवाल सरकार बताएगी कि किसी शहर को उसके नागरिकों के लिए कैसे सुरक्षित बनाया जा सकता है।'

वारदात 

दिल्ली में सामने आईं हैं हत्या की कई वारदातें 

दिल्ली में पिछले एक महीने में हत्या की कई सनसनीखेज वारदातें सामने आ चुकी हैं। 18 जून को आरके पुरम में पिछले सप्ताह अज्ञात हमलावरों ने 2 बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसी दिन दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के साउथ कैंपस के बाहर आर्यभट्ट कॉलेज के एक छात्र की चाकू से गोदकर हत्या हुई थी। 28 मई को रोहिणी के शाहबाद डेयरी इलाके में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की बेरहमी से हत्या हुई थी।