दिल्ली में लू का वार रोकने को सरकार का महाअभियान! CM ने संभाली कमान, पुलिस-अस्पताल भी मैदान में
दिल्ली में तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'लू कार्य योजना 2026' के तहत की जा रही तैयारियों का जायजा लिया है। शहर में पेयजल के पॉइंट बनाए जा रहे हैं और अस्पतालों में 'कूल रूम' तैयार किए जा रहे हैं ताकि मरीजों को गर्मी से राहत मिल सके।
स्कूली बच्चों के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में ORS उपलब्ध रखने को कहा गया है और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया गया है। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को हल्के और सूती कपड़े पहनाएं। किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत इसकी सूचना दें।
दिल्ली पुलिस ने 11,000 से ज्यादा कूलर लगाए
अस्पतालों में अतिरिक्त बिस्तर बढ़ाए जा रहे हैं और लू के आपातकालीन मरीजों के लिए एम्बुलेंस भी तैयार रखी गई हैं। दिल्ली पुलिस भी इस अभियान में सक्रिय रूप से जुटी है। पूरे शहर में 11,000 से ज्यादा एयर कूलर और करीब 2,000 पानी के कूलर लगाए गए हैं। पुलिस टीमें लोगों को ORS के पाउच भी बांट रही हैं।
इसके अलावा, 339 स्वास्थ्य केंद्रों पर भी लू से निपटने के लिए ज़रूरी सामग्री और दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मजदूरों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। उन्हें आराम करने के लिए छायादार जगह दी गई है और काम के घंटों में बदलाव किया गया है, ताकि वे दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलें। यह सब आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) और अन्य सहयोगी संस्थाओं के आपसी तालमेल से मुमकिन हो पा रहा है।