LOADING...
दिल्ली विधानसभा में साइनाइड गैस से भरे 15 RDX बम धमाके की धमकी
दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी

दिल्ली विधानसभा में साइनाइड गैस से भरे 15 RDX बम धमाके की धमकी

लेखन गजेंद्र
Apr 13, 2026
02:50 pm

क्या है खबर?

दिल्ली विधानसभा को एक बार फिर बम धमाकों की धमकी मिली है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सोमवार को विधानसभा और विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की ईमेल पर धमकी भेजी गई थी, जिसमें लिखा था कि सभी मुस्लिम कर्मचारियों को परिसर से तुरंत हटा लिया जाए। ईमेल में 3 घंटे के अंदर साइनाइड गैस से भरे 15 RDX बम धमाकों की धमकी थी। सूचना के बाद डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते ने परिसर की तलाशी ली।

धमकी

इस बार हिंदी में लिखी थी धमकी

इस बार धमकी भरा ईमेल हिंदी में लिखकर भेजा गया था, जो अमूमन अंग्रेजी में लिखा मिलता था। इसमें लिखा था, "किसी भी ब्राह्मण को द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) में शामिल नहीं होना चाहिए। अगर वह शामिल होता है तो उसे अपने कपड़े उतारकर नग्न अवस्था में आना होगा और पेरियार-अंबेडकर जिंदाबाद के नारे लगाना होगा। केवल तभी उसे हमारे साथ शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। एसवी शेखर एक ब्राह्मण हैं, जो DMK में शामिल हुए हैं।"

धमकी

ईमेल में भेजने वाले का नाम लिखा

धमकी में आगे लिखा है, "अब आपकी विधानसभा को इसलिए उड़ा दिया जाएगा क्योंकि आपने उन्हें एक ब्राह्मण भाजपा एजेंट के रूप में DMK और दक्षिण भारत भेजा है।" ईमेल के नीचे निवेथा पेथुराज-उदयनिधि थेविदिया लिखा है। पुलिस ने ईमेल भेजने वाले की तलाश शुरू कर दी है। अभी तक कुछ पता नहीं चला है। बता दें कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में चुनाव हैं और मतगणना प्रक्रिया 4 मई को शुरू होगी।

Advertisement

सेंध

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में लग चुकी है सेंध

पिछले हफ्ते दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा को धता बताते हुए एक व्यक्ति कार में सवार होकर विधानसभा का गेट तोड़कर अंदर घुस गया था। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी सरबजीत सिंह के तौर पर हुई थी। उसने एक फूलों का गुलदस्ता भी परिसर में रखा था। सिंह के परिवार ने उसे मानसिक रूप से बीमार बताया और कहा कि वह मंत्री से मिलना चाहता था, लेकिन उसे गेट तोड़कर अंदर नहीं जाना चाहिए था।

Advertisement