दिल्ली में अब बनेंगे 100+ मंजिला स्काईस्क्रेपर्स, शहर का बदल जाएगा रूप
दिल्ली के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। राजधानी में अब 100 से ज्यादा मंजिल वाली इमारतें यानी स्काईस्क्रेपर्स बनाने की इजाजत मिल गई है। यह सब नए मास्टर प्लान दिल्ली 2047 के तहत मुमकिन हुआ है। ये खास 'लैंडमार्क डेवलपमेंट्स' मेट्रो कॉरिडोर और व्यावसायिक ठिकानों के पास बनेंगे, लेकिन इन्हें ऐतिहासिक जगहों और विरासत क्षेत्रों का सम्मान करते हुए ही बनाया जाएगा।
दिल्ली में बेसमेंट को FAR से बाहर रखा गया
इस प्लान में जमीन के इस्तेमाल से जुड़े नियमों में भी बदलाव किए गए हैं। अब जो बेसमेंट सिर्फ पार्किंग, सामान रखने या जरूरी सुविधाओं के लिए इस्तेमाल होंगे, उन्हें FAR (फ्लोर एरिया रेशियो) में नहीं गिना जाएगा। इससे जमीन का और बेहतर इस्तेमाल हो पाएगा। साथ ही, मौजूदा और आने वाले मेट्रो कॉरिडोर के दोनों ओर 500 मीटर के दायरे में ज्यादा सघन और मिश्रित विकास पर जोर दिया जाएगा। यानी इन इमारतों में रहने और काम करने की जगहें एक साथ होंगी, लेकिन ये इमारतें कम जमीन घेरेंगी ताकि जमीन पर ज्यादा खुली जगह मिल सके।