Page Loader
गैस चैंबर बनी दिल्ली में सांस लेना हुआ मुश्किल, खतरनाक स्तर से पार पहुंचा वायु प्रदूषण

गैस चैंबर बनी दिल्ली में सांस लेना हुआ मुश्किल, खतरनाक स्तर से पार पहुंचा वायु प्रदूषण

Nov 01, 2019
11:16 am

क्या है खबर?

धुएं की चादर में लिपटी दिल्ली की हवा शुक्रवार को सबसे प्रदूषित रही। दिल्ली में शुक्रवार सुबह वायु प्रदूषण का स्तर एयर क्वालिटी इंडेक्स में 459 के अंक को पार कर 'अति गंभीर' श्रेणी में पहुंच गया। यह इस सीजन में वायु प्रदूषण का उच्चतम स्तर है। इसके चलते लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा। इससे पहले इस साल जनवरी में ऐसी स्थिति देखी गई थी।

वायु प्रदूषण

गुरुवार रात से बदतर हुई हवा की गुणवत्ता

गुरुवार रात से दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बदतर होना शुरू हुई थी और शुक्रवार सुबह तक इसमें कोई सुधार नहीं देखा गया। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि शाम तक थोड़ा सुधार हो सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार तक हवा में काफी हद तक सुधार होने का अनुमान है। शुक्रवार सुबह आठ बजे हवा में PM2.5 का स्तर तय सीमा से छह गुणा और PM10 का स्तर पांच गुना है।

वायु प्रदूषण

बच्चों के लिए बेहद खतरनाक है जहरीली हवा- विशेषज्ञ

प्रदूषण की स्थिति से निपटने के लिए बनाए गए ग्रेडेड सिस्टम के तहत ऐसी स्थिति जारी रहने पर ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू होना, शहर में ट्रकों की एंट्री पर रोक, निर्माण गतिविधियों पर रोक और स्कूलों को बंद करने जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। हालांकि, अभी तक दिल्ली में स्कूल बंद करने के आदेश जारी नहीं हुए हैं और शुक्रवार को भी स्कूल खुले हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों के लिए यह हवा बेहद खतरनाक है।

राजनीति

दिल्ली सरकार ने प्रदूषण के लिए हरियाणा और पंजाब को जिम्मेदार ठहराया

दिल्ली सरकार ने शहर की बिगड़ती हवा के लिए पंजाब और हरियाणा को जिम्मेदार ठहराया है। शुक्रवार को दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा कि हरियाणा और पंजाब की सरकारें अपने किसानों को पराली जलाने पर मजबूर कर रहीं हैं जिसकी वजह से दिल्ली में भारी प्रदूषण है। इसे मुद्दे पर विरोध जताने के लिए आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को हरियाणा भवन और पंजाब भवन के बाहर प्रदर्शन किया था।

उपचार

दिल्ली सरकार बांटेगी 50 लाख मास्क

गैस चेंबर बन चुकी दिल्ली में लोगों को प्रदूषण से बचाने के लिए सरकार ने 50 लाख मास्क बांटने का फैसला किया है। ये मास्क सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के जरिए बांटे जाएगे। केजरीवाल ने लिखा कि पड़ोसी राज्यों से फसलों के अवशेष जलाने से आ रहे धुएं के कारण दिल्ली गैस चैंबर में बदल गई है। इसलिए जरूरी है कि खुद को जहरीली हवा से बचाए रखें। सरकार आज से 50 लाख मास्क बांटने शुरू कर रही है।

ट्विटर पोस्ट

दिल्ली सरकार बांट रही मास्क