LOADING...
दिल्ली में AI सम्मेलन के बीच परीक्षा-शादियों का मौसम, इस हफ्ते ट्रैफिक जाम से कैसे बचें?
दिल्ली में इस हफ्ते विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक जाम की समस्या रहेगी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

दिल्ली में AI सम्मेलन के बीच परीक्षा-शादियों का मौसम, इस हफ्ते ट्रैफिक जाम से कैसे बचें?

लेखन गजेंद्र
Feb 16, 2026
09:38 am

क्या है खबर?

जाम से बेहाल रहने वाली दिल्ली इस सप्ताह भारी ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ सकता है। दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आज से AI इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन शुरू होने जा रहा है। इस बीच बोर्ड परीक्षाओं और शादियों का भी मौसम है। आज से कई प्रमुख मार्ग अंतरराष्ट्रीय नेताओं और अधिकारियों की आवाजाही से बंद हो जाएंगे, जिससे शहर के बड़े हिस्से ठप्प होंगे। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने लोगों के लिए सलाह जारी की है।

यातायात

AI शिखर सम्मेलन के कारण ये रास्ते बंद

दिल्ली पुलिस ने यातायात सलाह में बताया कि भारत मंडपम और 10 होटलों (8 नई दिल्ली और 2 दक्षिण-पश्चिम दिल्ली) के आसपास प्रतिबंध लगाए जाएंगे। यहां विदेशी प्रतिनिधि ठहरेंगे। इसमें मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, 30 जनवरी मार्ग, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पटेल मार्ग, जनपथ, फिरोजशाह रोड, शांति पथ, सत्या मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, कमल अतातुर्क मार्ग, अब्दुल कलाम रोड, जाकिर हुसैन मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग, सिकंदर रोड, अशोक रोड, पृथ्वी राज शामिल हैं।

जाम

आपातकालीन वाहनों को रहेगी छूट

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कौटिल्य मार्ग, पुराना किला रोड, शेर शाह सूरी मार्ग, तिलक मार्ग, भगवान दास रोड, संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, अरबिंदो मार्ग, तुगलक रोड, पंचशील मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, न्याय मार्ग और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग पर भी प्रतिबंध रहेगा। रिंग रोड टी-पॉइंट को छोड़कर भैरों मार्ग और दिनेश नंदिनी डालमिया चौक तक प्रतिबंधित क्षेत्र में आते हैं, जहां VIP आवाजाही के दौरान सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। आपातकालीन वाहनों को छूट रहेगी।

Advertisement

स्कूल

शादी और स्कूल के कारण 17 फरवरी से और समस्या

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुख्य स्थल भारत मंडपम की ओर और वहां से काफिलों के गुजरने के दौरान यातायात लगभग 30 मिनट तक प्रभावित रह सकता है। साथ ही, शादी की बारात और 17 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के कारण स्थिति और बिगड़ सकती है। VIP कॉरिडोर के किनारे स्थित 10 स्कूलों को संवेदनशील चिह्नित किया गया है, जिनमें अटल आदर्श सीनियर सेकेंडरी विद्यालय, किचनर रोड स्कूल, और गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल शामिल हैं।

Advertisement

यात्रा

हवाई अड्डा जाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम

दिल्ली हवाई अड्डा जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाए गए हैं। गुरुग्राम से टर्मिनल 3, 4, 2 जाने वाले राव गजराज सिंह मार्ग, ओल्ड दिल्ली-गुरुग्राम रोड और UER-II होते हुए और टर्मिनल-1 के लिए महिपालपुर फ्लाईओवर और उलान बटोर मार्ग के नीचे से NH-48 उपयोग कर सकते हैं। द्वारका वाले सेक्टर-22 और नवनिर्मित UER-II सुरंग से डायवर्ट होंगे। नई दिल्ली और दक्षिण दिल्ली वाले AIIMS चौक-रिंग रोड-मोती बाग चौक-RTR मार्ग-संजय टी-पॉइंट होते हुए T-3 तक पहुंचेंगे।

तैयारी

पुलिस के क्या है अतिरिक्त इंतजाम?

शहर को 10 जोन में विभाजित किया गया है, जिनमें से प्रत्येक का नेतृत्व DCP करेगा, जबकि यातायात प्रबंधन के लिए अन्य इकाइयों से 8 अतिरिक्त DCP लगाए गए हैं। शिखर सम्मेलन के लिए 15 DCP और लगभग 4,200 यातायात कर्मियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। निर्धारित सड़कों पर ऑटो और टैक्सियों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। मेट्रो सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहेंगी। यातायात पुलिस ने प्रत्येक विद्यालय के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए हैं।

Advertisement