कालकाजी मेट्रो स्टेशन पर बुजुर्ग ने एलिवेटर में किया पेशाब, पुलिस ने बताई चौंकाने वाली वजह
दिल्ली के कालकाजी मंदिर मेट्रो स्टेशन पर एक महिला का सामना एक बुजुर्ग व्यक्ति से हुआ। आरोप है कि बुजुर्ग ने मेट्रो एलीवेटर के अंदर पेशाब कर दिया था। उद्यमी दीपशिका मेहता ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया और बुजुर्ग से इस बारे में सवाल किए। इस पर बुजुर्ग ने बस इतना कहा, 'हा तो सॉरी, जो करना है करो।' मेहता ने बताया कि जब वह एलीवेटर में दो और लोगों के साथ अंदर गईं, तो उन्होंने खुद बुजुर्ग को ऐसा करते देखा।
बुजुर्ग को हुई मेडिकल इमरजेंसी- पुलिस
दिल्ली पुलिस ने बाद में बताया कि बुजुर्ग को अचानक कोई मेडिकल इमरजेंसी हुई थी और उन्हें समय पर कोई शौचालय नहीं मिल पाया। ऐसे में उन्होंने एक बोतल का इस्तेमाल किया। सार्वजनिक उपद्रव के नियमों के तहत उन पर जुर्माना भी लगाया गया। यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना पर 2 हिस्सों में बंट गए। कुछ लोग बुजुर्ग के इस काम की आलोचना कर रहे थे, वहीं कुछ अन्य लोगों ने भीड़भाड़ वाली सार्वजनिक जगहों पर बुजुर्गों को होने वाली ऐसी आपात स्थितियों के प्रति हमदर्दी जताई।