Loading...
चक्रवात 'अर्नब' आंध्र प्रदेश के तट पर रुका; जोरदार तूफान से कई पेड़ उखड़े, भारी बारिश
चक्रवात 'अर्नब' आंध्र प्रदेश के तट पर रुका; जोरदार तूफान से कई पेड़ उखड़े

चक्रवात 'अर्नब' आंध्र प्रदेश के तट पर रुका; जोरदार तूफान से कई पेड़ उखड़े, भारी बारिश

लेखन गजेंद्र
Oct 28, 2026
10:24 am

क्या है खबर?

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गंभीर चक्रवात 'अर्नब' बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश के तट के बिल्कुल करीब पहुंच गया। हालांकि, तट से न टकराकर वह स्थिर बना रहा। आंध्र के तट पर पहुंचने के कारण काकीनाडा, विशाखापत्तनम, अनकापल्ली में जोरदार बारिश और तेज तूफान देखने को मिला। पुडुचेरी के यानम और ओडिशा में भी तेज बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस दौरान 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही थीं।

चक्रवात

बाढ़ आने की संभावना

IMD ने यानम के दक्षिण में बापटला और विशाखापट्टनम के बीच लैंडफॉल जोन की पहचान की थी। हालांकि, अभी चक्रवात ठहरा है।

मौसम एजेंसी की चेतावनी है कि एस्ट्रोनॉमिकल टाइड से 1.5 से 2.5 मीटर ऊपर तूफ़ानी लहरें आने से निचले इलाकों, खासकर काकीनाडा और यानम के आसपास बाढ़ आ सकती है।

चक्रवात के लैंडफॉल प्रक्रिया के अगले 2 से 3 घंटे तक जारी रहने की उम्मीद है। इस बीच, दक्षिणी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हुई है।

तबाही

आंध्र प्रदेश में कई पेड़ उखड़े

अर्नब की वजह से भारत के पूर्वी तट पर कई जगहों पर तेज हवाओं से अफरा-तफरी और तबाही मच गई। आंध्र प्रदेश के दूसरे हिस्से में भी नुकसान हुआ है।

काकीनाडा में कई पेड़ उखड़ गए और कई जगहों पर बिजली की लाइनें टूट गईं। विशाखापट्टनम में भारी बारिश और तेज हवाओं ने पेड़ों को गिरा दिया, जिससे बीच रोड और सीतामधारा ब्लॉक हो गया।

IMD ने अनकापल्ली और विशाखापट्टनम में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की है।

ADVERTISEMENT

समीक्षा

मुख्यमंत्री नायडू ने समीक्षा की

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को जिला कलेक्टरों से लेकर फील्ड लेवल के कर्मचारियों तक, लगभग 32,000 अधिकारियों के साथ टेलीकॉन्फ़्रेंस की।

अधिकारियों ने उन्हें बताया कि अभी तक किसी की जान जाने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने अधिकारियों से हालात सामान्य होने तक मोर्चे पर डटे रहने को कहा है।

काकीनाडा में पुलिस ने 4 लोगों को बचाया जो भारी बारिश और समुद्र के पानी से इलाके में बाढ़ में फंस गए थे।

ADVERTISEMENT

ओडिशा

ओडिशा के लिए भी चेतावनी

मौसम विभाग ने ओडिशा के कई जिलों के लिए खराब मौसम की चेतावनी जारी की है, जिसमें गजपति, गंजम, रायगढ़, कोरापुट, नबरंगपुर और मलकानगिरी में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

यहां 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलने की भी संभावना है, जो 90 तक पहुंच सकती है।

कालाहांडी, कंधमाल, नुआपाड़ा, बलांगीर, बारगढ़, पुरी, खोरधा, सोनपुर, बौध और नयागढ़ के लिए ऑरेंज वॉर्निंग जारी की गई है।

ट्विटर पोस्ट

चक्रवात तूफान का दृश्य

ADVERTISEMENT