Loading...
चक्रवात अर्नब से आंध्र प्रदेश में 8 लोगों की मौत, जानिए कितना किया नुकसान
चक्रवात अर्नब से आंध्र प्रदेश में 8 लोगों की मौत

चक्रवात अर्नब से आंध्र प्रदेश में 8 लोगों की मौत, जानिए कितना किया नुकसान

लेखन गजेंद्र
Oct 29, 2026
09:38 am

क्या है खबर?

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गंभीर चक्रवात 'अर्नब' आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया। हालांकि, इसने आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के यानम में काफी नुकसान किया। आंध्र प्रदेश के कुछ जिलों में भयंकर तूफान की वजह से 8 लोगों की मौत हुई है। सैंकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को 13 जिलों में बाढ़ की चेतावनी जारी की है।

चक्रवात

तट से टकराते समय हवा की भीषण रफ्तार

चक्रवात बुधवार को सुबह आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापट्टनम के बीच, यानम के दक्षिण-पश्चिम में नरसापुर के आसपास था।

तट से टकराते समय हवा की रफ्तार 125 से 150 किलोमीटर प्रति घंटा तक थी, जिससे यह अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान बन गया।

अब ये कमजोर पड़कर डीप डिप्रेशन में बदल गया है। हालांकि, गुरुवार को यह उत्तरी आंध्र प्रदेश, दक्षिण ओडिशा, दक्षिण छत्तीसगढ़ तथा पूर्वोत्तर तेलंगाना के आसपास था, जिससे भारी बारिश की आशंका बनी हुई है।

मौत

तूफान से 8 लोगों की मौत

बिजली का खंभा गिरने से आंध्र के पश्चिमी गोदावरी जिले के भीमावरम में 2 और विशाखापट्टनम के गोशाला और बालाजीनगर में 2 महिलाओं की मौत हुई है।

कोनासीमा जिले के साकेनेतिपल्ले मंडल में और प्रकाशपुरम में छप्पर का घर गिरने से एक पुरुष और एक महिला की भी मौत हो गई।

विशाखापट्टनम के मंगलापालेम और अनकापल्ली जिले के येल्लामंचिली में 2 महिलाएं घर के बाहर खुले तार पर पैर रखने से करंट की चपेट में आ गईं।

ADVERTISEMENT

नुकसान

खड़ी फसलों को हुआ नुकसान, 4,000 से ज्यादा पेड़ गिरे

तूफान से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अभी तक 70,900 हेक्टेयर धान की फसल और 10,450 हेक्टेयर बागवानी फसलों को नुकसान की बात कही गई है।

आंध्र प्रदेश में 180 घर क्षतिग्रस्त हो गए और 15,000 बिजली के खंभे गिरे हैं। अप्पाडा तटीय सड़क पानी में डूब गई। 25 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता प्रभावित रहे।

पश्चिम गोदावरी ज़िले में लगभग 4,000 पेड़ उखड़ गए। यानम में भी सैंकड़ों पेड़ और खंभे उखड़े हैं।

ADVERTISEMENT

मुआवजा

मुख्यमंत्री ने 5 लाख मुआवजे का ऐलान किया

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने चक्रवात की वजह से मरने वालों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है।

उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए राहत के उपायों का भी ऐलान किया और कहा कि प्रभावित ज़िलों में गुरुवार से पैसे की मदद शुरू हो जाएगी।

वह गुरुवार को कोनासीमा और पश्चिम गोदावरी जिलों का दौरा करेंगे। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी इसकी जानकारी दी है।

बारिश

चक्रवात के बाद का असर

चक्रवात के बाद भी कई राज्यों में इसका असर दिखने की संभावना है। मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर तक पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अनुमान लगाया है।

तेलंगाना में नलगोंडा, सूर्यपेट, खम्मम, कोठागुडेम, मुलुगु और महबूबाबाद समेत पूर्वी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है।

आंध्र के बापटला, गुंटूर, NTR, कृष्णा, एलुरु,पूर्वी गोदावरी, काकीनाडा, अल्लूरी सीताराम राजू, विशाखापट्टनम, विजयनगरम, अनकापल्ली, पार्वतीपुरम मन्यम और पश्चिम गोदावरी में बाढ़ आ सकती है।

उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भी असर दिखेगा।

ADVERTISEMENT