Page Loader
कोरोना वायरस अस्पतालों में बदहाली, कहीं घूम रहे सूअर तो कहीं छत से आ रहा पानी

कोरोना वायरस अस्पतालों में बदहाली, कहीं घूम रहे सूअर तो कहीं छत से आ रहा पानी

Jul 19, 2020
05:29 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में प्रशासन और अधिकारियों की ओर से लापरवाही के नमूनों हर रोज सामने आ रहे हैं। देश की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलने वाले दो ऐसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में एक कोविड अस्पताल के गलियारों में सुअरों को घूमते हुए देखा जा सकता है, वहीं दूसरे वीडियो में छत में हुए बड़े छेद से कोविड वार्ड के अंदर पानी आते हुए देखा जा सकता है।

पहला मामला

कर्नाटक में अस्पताल में घुसे सूअर

पहला मामला कर्नाटक के गुलबर्गा जिले के एक कोविड अस्पताल का है। बुधवार को रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में अस्पताल के गलियारे में सुअरों को घूमते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान अस्पताल प्रशासन के कर्मचारियों को आसपास काम करते हुए देखा जा सकता है, लेकिन वे सुअरों से कुछ नहीं कहते। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरस हो रहा है और यूजर्स स्वच्छता के प्रति अस्पताल की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।

ट्विटर पोस्ट

अस्पताल में "मजे से घूमते" सूअर

प्रतिक्रिया

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को चौंकन्ना रहने को कहा

स्थानीय कांग्रेस नेता प्रियांक करगे ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए आरोप लगाया कि इलाके के अस्पतालों को खराब तरीके से चलाया जा रहा है। वहीं कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुुलु ने अस्पताल प्रशासन को चौंकन्ना रहने और आगे से ऐसी गलती न हो ये सुनिश्चित करने को कहा है। खबरों के अनुसार, अस्पताल और इसके आसपास घूम रहे लगभग 50 सुअरों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है और उनके मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

दूसरा वीडियो

कोविड वार्ड में पानी गिरने का वीडियो बरेली का

वहीं दूसरा वीडियो उत्तर प्रदेश के बरेली का है। वीडियो में कोविड वार्ड की छत में हुए एक बड़े छेद से बारिश के पानी को नीचे गिरते हुए देखा जा सकता है, जिससे फर्श पर पानी जमा हो गया है। वार्ड में मौजूद कोरोना वायरस के दो मरीजों को बेड पर बैठे हुए देखा जा सकता है। वीडियो निजी मेडिकल कॉलेज 'राष्ट्रीय मेडिकल कॉलेज' से जुड़े अस्पताल का बताया जा रहा है।

ट्विटर पोस्ट

अस्पताल की छत से बहती "गंगा की धारा"

बयान

कंस्ट्रक्शन के कारण हुई प्लबिंग फेलियर- संयुक्त मजिस्ट्रेट

बरेली के संयुक्त मजिस्ट्रेट ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि कंस्ट्रक्शन के कारण वार्ड में प्लबिंग फेलियर हो गया था, जिसके कारण ये पानी गिरने लगा। उन्होंने कहा कि मरीजों को तत्काल हटा दिया गया था और छेद को बंद कर दिया गया है।

पुराने मामले

मुंबई में मरीजों के पास ही रखे पाए गए थे शव

बता दें कि इससे पहले मुंबई के कुछ अस्पतालों में गंभीर लापरवाही के मामले सामने आ चुके हैं। मई महीने में वायरल हुए दो वीडियो में बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के किंग एडवर्ड मेमोरियल (KEM) अस्पताल और सायन अस्पताल में कोरोना वायरस के मरीजों के पास ही मृत मरीजों के शव रखे हुए देखे गए थे। इसके अलावा एक अन्य वीडियो में अस्पताल के गलियारे में स्ट्रेचरों पर कोरोना वायरस के मरीजों के तमाम शव पड़े हुए दिखाई दिए थे।