कोलकाता-हावड़ा में भारी बारिश से हुआ जलभराव, IMD ने जारी की चेतावनी
कोलकाता, हावड़ा और साल्ट लेक में रविवार रात से ही हो रही तेज बारिश ने शहरों को पानी-पानी कर दिया है। शहर में कई जगहों पर जलजमाव और भारी ट्रैफिक जाम के चलते लोगों की आवाजाही दूभर हो गई है। सार्वजनिक परिवहन में कमी आने से स्कूली बच्चों और कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को कहीं भी आने-जाने में खासी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रहा गहरा डिप्रेशन
मौसम विभाग ने बताया है कि यह भारी बारिश एक गहरे डिप्रेशन के कारण हो रही है, जो इस समय पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रहा है। यह डिप्रेशन मंगलवार तक झारखंड की ओर बढ़ जाएगा। पिछले 24 घंटों में हल्दिया में सबसे अधिक 134 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिम मेदिनीपुर और बांकुरा जैसे जिलों में भी अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसलिए स्थानीय लोगों को इस भारी बारिश के दौर में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।