हिमाचल के मंडी की हणोगी सुरंग में कोहराम: भीषण टक्कर से 4 की मौत, 6 घायल
देश
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हणोगी सुरंग के भीतर गुरुवार को 2 ट्रकों में भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में 4 लोगों की जान चली गई और 6 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सुरंग में यातायात ठप हो गया था। पुलिस ने बताया कि एक ट्रक कुल्लू की तरफ जा रहा था, जबकि दूसरा मंडी की ओर आ रहा था।
पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज किया
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले 4 पुरुषों के रूप में हुई है। घायल हुए 6 लोगों को इलाज के लिए नेरचौक और कुल्लू के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और तेज रफ्तार का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि हादसे की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।