बेंगलुरु के स्कूल में H1N1 का कहर, अब तक 500 से अधिक छात्र और शिक्षकों में दिखे लक्षण
बेंगलुरु के क्लैरेंस हाई स्कूल को स्वाइन फ्लू (H1N1) के बढ़ते मामलों के चलते 18 अगस्त तक के लिए बंद कर दिया गया है। स्कूल में 500 से ज्यादा छात्र और 21 स्टाफ सदस्य इसकी चपेट में आ चुके हैं। इन सभी में तेज बुखार, खांसी और बदन दर्द के लक्षण नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, अब तक कम से कम 2 लोगों में H1N1 की पुष्टि हो चुकी है और एक शिक्षक को तो गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती भी कराना पड़ा है।
स्कूल ने की शहर से अवैध स्टॉल हटाने की मांग
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि स्कूल के पास मौजूद रेहड़ी-पटरी वालों की लापरवाही इस स्थिति के लिए जिम्मेदार हो सकती है। स्कूल ने बताया कि गेट के पास कचरे का ढेर लगा रहता है, जिसकी वजह से गंदगी फैल रही है। स्कूल ने शहर के अधिकारियों से गुजारिश की है कि वे इस मामले में दखल दें और अवैध स्टॉल हटा दें। साथ ही स्कूल ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़े नियमों को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि सभी स्टूडेंट्स और स्टाफ सुरक्षित माहौल में वापस स्कूल आ सकें।