दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके और डिंपल यादव समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
क्या है खबर?
दिल्ली में संसद तक कूच कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज जारी है। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पार्टी के प्रवक्ता सौरभ दास ने एक्स पर इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रही है, लेकिन पुलिस उनको पीट रही है। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव समेत कई अन्य प्रदर्शकारियों को भी हिरासत में लिए जाने की खबर है।
लाठीचार्ज
सांसदों से मांगी मदद
समाजवादी पार्टी ने सोमवार को दावा किया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान उसकी लोकसभा सांसद डिंपल और पार्टी के अन्य विधायकों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया।
पार्टी ने इसे अलोकतांत्रिक और अत्यंत निंदनीय बताया है। डिंपल छात्रों के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंची थीं।
CJP के प्रवक्ता ने सभी सांसदों से अपील की है कि वे तुरंत सड़कों पर उतरे छात्रों के समर्थन में खड़े हों और उनकी मदद करें।
प्रदर्शन
केंद्रीय दिल्ली में आवाजाही बाधित
विरोध-प्रदर्शन के चलते मध्य दिल्ली के प्रमुख इलाकों रेल भवन, कर्तव्य पथ, विजय चौक और इंडिया गेट की ओर जाने वाला मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सुरक्षा बैरिकेड्स तोड़ने या संसद परिसर तक पहुंचने से रोकने के लिए भारी संख्या में बल तैनात किया था।
कई प्रदर्शकारियों को पुलिस बसों में भरकर थाने ले गई, जबकि कई बुरी तरह घायल हुए हैं। संसद के मुख्य गेट पर भारी बल तैनात है।
बातचीत
नड्डा से 10 मिनट की मुलाकात
CJP प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर उनसे मुलाकात की और अपनी मांगों को रेखांकित करते हुए एक लिखित ज्ञापन सौंपा है।
दास ने बताया कि 2 घंटे से अधिक इंतजार के बाद, आशुतोष रांका और वह जेपी नड्डा से उनके आवास पर केवल 10 मिनट के लिए मिले।
उन्होंने आश्वासन दिया है कि वे इस बीच आंतरिक रूप से बात करेंगे।