शाहजहांपुर केस: पीड़ित छात्रा का बड़ा बयान, विरोध करने पर कपड़े फाड़ देता था चिन्मयानंद
क्या है खबर?
शाहजहांपुर केस में पीड़ित छात्रा ने अपने बयान में भारतीय जनता पार्टी के नेता स्वामी चिन्मयानंद पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
छात्रा के अनुसार, अगर वह खुद से कपड़े उतारने से मना करती थी तो चिन्मयानंद उसके कपड़े फाड़ देता था।
इससे पहले छात्रा चिन्मयानंद पर धमकी देकर एक साल तक रेप करने का आरोप लगा चुकी है।
वहीं चिन्मयानंद ने छात्रा पर उसे ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है।
दोनों अभी जेल में बंद हैं।
जमानत याचिका
कोर्ट ने खारिज की दोनों की जमानत याचिकाएं
मंगलवार को शाहजहांपुर की जिला अदालत ने चिन्मयानंद और पीड़ित छात्रा दोनों की जमानत याचिका पर सुनवाई की।
कोर्ट ने दोनों की जमानत याचिकाओं को खारिज कर दिया।
सरकारी वकील अनुज सिंह ने 'टाइम्स ऑफ इंडिया' को बताया, "कोर्ट के अनुसार दोनों अपराध गंभीर हैं। इसके अलावा मामले में वीडियो सबूत भी हैं जिनकी सत्यता की पुष्टि फॉरेंसिक जांच में हो चुकी है। इस कारण जमानत याचिकाएं रद्द की गईं।"
सुनवाई
चार लोगों ने की पुष्टि, चिन्मयानंद के आश्रम में आती थी छात्रा
सुनवाई के दौरान सिंह ने कोर्ट को बताया कि छात्रा के बयान के अनुसार, अगर वह खुद से कपड़े उतारने से मना करती थी तो चिन्मयानंद उसके कपड़े फाड़ देता था।
वहीं मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने बताया कि चार लोगों ने इस बात की पुष्टि की है कि पीड़ित छात्रा 'दिव्य धाम' आया करती थी।
पुष्टि करने वालों में एक इस आश्रम का सिक्योरिटी गार्ड है।
चिन्यमानंद दिव्य धाम में ही रहता था।
जानकारी
छात्रा का आरोप, 'दिव्य धाम' के कमरे में किया गया रेप
छात्रा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि चिन्मयानंद ने इसी 'दिव्य धाम' आश्रम के एक कमरे में उसका रेप किया था। छात्रा से मसाज कराते चिन्मयानंद का वीडियो भी इसी आश्रम में बनाया गया था।
पृष्ठभूमि
क्या है पूरा मामला?
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के एसएस लॉ कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा ने कॉलेज के चेयरमैन चिन्मयानंद पर रेप का आरोप लगाया है। चिन्मयानंद इस कॉलेज के चेयरमैन हैं।
छात्रा की शिकायत और कोर्ट में गवाही देने के बाद SIT ने चिन्मयानंद को शाहजहांपुर स्थित उसके आश्रम दिव्य धाम से गिरफ्तार किया था।
SIT की पूछताछ में चिन्मयानंद ने अपने ऊपर लगे अधिकतर आरोप स्वीकार कर लिए और कहा कि वह अपने कृत्य पर शर्मिंदा हैं।
गिरफ्तारी
जबरन वसूली मामले में छात्रा को भी किया गया गिरफ्तार
इस बीच छात्रा को भी जबरन वसूली के आरोप में SIT ने गिरफ्तार कर लिया और उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
चिन्मयानंद के पक्ष ने छात्रा पर ब्लैकमेल करके पैसे मांगने का आरोप लगाया है।
उनके वकील ने आरोप लगाया था कि 22 अगस्त को चिन्मयानंद के पास एक मैसेज आया था जिसमें उनसे पांच करोड़ रुपये मांगे गए थे।
मामले में छात्रा के जानकार तीन व्यक्तियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।
न्याय कहां?
अस्पताल में AC कमरे में रहा चिन्मयानंद, जेल में बंद छात्रा के साथ खराब बर्ताव
गिरफ्तारी के बाद से ही चिन्मयानंद लखनऊ के SGPGI अस्पताल में भर्ती था।
कमजोरी और डायरिया की शिकायत के बाद उसे यहां भर्ती कराया गया था। उसे यहां एक AC कमरे में रखा गया था।
सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे जेल ले जाया गया, लेकिन मंगलवार को उसने फिर से आंख में दिक्कत का "बहाना" करके अस्पताल में भर्ती होना चाहा।
इस बीच जेल में छात्रा के साथ खराब बर्ताव की बात सामने आ रही है।