
हांगकांग से दिल्ली आ रही उड़ान में चोरी करने के आरोप में चीनी नागरिक गिरफ्तार
क्या है खबर?
हांगकांग से दिल्ली आ ही एयर इंडिया की एक उड़ान में यात्रियों के सामान चोरी किए जाने का बड़ा मामला सामने आया है।
हालांकि, बाद में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर सुरक्षा जांच के दौरान एक चीनी यात्री को चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर चुराए गए सामान का पता लगाने का प्रयास कर रही है और उसके गिरोह में शामिल लोगों के बारे में भी पूछताछ करने में जुटी है।
घटना
कैसे सामने आई चोरी की घटना?
IGI हवाई अड्डा पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चीन निवासी बेनलाई पैन (25) है। हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर एयरलाइन की सुरक्षा और सतर्कता टीम ने पुलिस को उड़ान संख्या AI-315 में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दी थी।
यात्री प्रभात वर्मा ने बताया था कि उन्हें केबिन क्रू ने उनके ओवरहेड बैगेज के पास संदिग्ध हरकतों की सूचना दी थी। जांच में जांच में उनका बैंक ऑफ अमेरिका का क्रेडिट कार्ड गायब मिला था।
शक
पैन पर कैसे हुआ शक?
पुलिस ने बताया कि क्रेडिट कार्ड गायब होने के बाद प्रभात ने सीट संख्या 14C पर पैन को बैठे देखा था, जबकि उसे सीट संख्या 23C आवंटित की गई थी।
विमान के दिल्ली पहुंचने पर जब जांच की गई तो कार्ड 14C के नीचे पड़ा मिल गया। एक अन्य यात्री प्राशी की मां का डेबिट कार्ड भी उनके हैंडबैग से गायब हो गया था।
बाद में एक यात्री ने वीडियो दिखाया, जिसमें पैन को यात्रियों के बैग खोलते देखा गया।
खुलासा
संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हुआ खुलासा
पुलिस ने बताया कि आरोपी पैन तीन अन्य चीनी नागरिकों मेंग गुआंगयांग (51), चांग मांग (42) और लियू जी (45) के साथ यात्रा कर रहा था।
पुलिस ने चारों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का मानना है कि यह समूह एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हिस्सा है जो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में सो रहे यात्रियों को निशाना बनाता है।
पुलिस ने पैन के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।