चीन ने फिर अरुणाचल प्रदेश पर किया अपना दावा, कहा- जांगनान चीन का क्षेत्र
क्या है खबर?
चीन ने एक बार फिर अरुणाचल प्रदेश पर अपना दावा किया है। चीनी सरकार ने कहा कि भारत द्वारा अवैध रूप से स्थापित तथाकथित 'अरुणाचल प्रदेश' को कभी मान्यता नहीं दी है। चीनी मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने मंगलवार को कहा कि ज़ांगनान क्षेत्र के कुछ स्थानों के नामों का मानकीकरण करना चीन की संप्रभुता के अंतर्गत आता है। उसने कहा कि भारत के साथ संबंधों को बेहतर बनाने की उसकी नीति में कोई बदलाव नहीं आया है।
बयान
संबंधों को अनुकूल बनाने पर जोर- चीन
ग्लोबल टाइम्स ने प्रवक्ता गुओ के हवाले से कहा कि चीन-भारत संबंधों को बेहतर बनाने और विकसित करने के लिए चीन की नीति अपरिवर्तित है। उन्होंने आगे कहा, "हम आशा करते हैं कि दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ मिलकर द्विपक्षीय संबंधों के लिए अधिक अनुकूल कदम उठाएंगे।" चीन अरुणाचल प्रदेश को जांगनान (दक्षिणी तिब्बत) बताता है और 2017 से समय-समय पर नया नाम जारी करता रहा है।
मामाला
क्या है मामला?
पिछले दिनों 10 अप्रैल को चीन ने ज़ांगनान क्षेत्र में मानकीकृत नामों के छठे बैच को जारी किया है, जिसमें 23 स्थानों का नया नाम घोषित किया गया है। इस पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि चीन के झूठे दावे और निराधार नैरेटिव गढ़ने के प्रयास इस सच्चाई को नहीं बदल सकते कि ये स्थान पहले भी भारत का हिस्सा थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे।