मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से उनके आवास पर की मुलाकात
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अचानक नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। दोनों शीर्ष नेताओं के बीच हुई इस उच्च स्तरीय बैठक को उत्तर प्रदेश की राजनीतिक और विकास योजनाओं के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, इस मुकाकात में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, यह अभी तक सामने नहीं आया है। आइए खबर पर नजर डालते हैं।
मुद्दे
बैठक के संभावित मुद्दे
इस मुलाकात को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
हालांकि, सूत्रों की माने तो इसमें मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को उत्तर प्रदेश में चल रही बड़ी मूल ढांचागत परियोजनाओं, आगामी कार्यक्रमों और केंद्र द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी है।
इसी तरह राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को और मजबूत करने, नए वैश्विक निवेश को आकर्षित करने और युवाओं के लिए रोजगार के मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है।
मुलाकात
अहम मोड़ पर हुई यह मुलाकात
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब उत्तर प्रदेश कई बड़े औद्योगिक और सामाजिक प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है।
इससे पहले जून महीने में भी मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर राज्य सरकार के सुशासन और जनकल्याण से जुड़े पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों का विवरण साझा किया था।
इस मुलाकात के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के विकास और प्रशासनिक स्तर पर कुछ बड़े फैसले और घोषणाएं देखने को मिल सकती हैं।