LOADING...
वेदांता बिजली संयंत्र हादसा: चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
छत्तीसगढ़ के वेदांता बिजली संयंत्र में हुए हादसे के मामले में चेयरमैन अनिल अग्रवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

वेदांता बिजली संयंत्र हादसा: चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

लेखन गजेंद्र
Apr 17, 2026
09:14 am

क्या है खबर?

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता बिजली संयंत्र में पिछले दिनों हुए हादसे के मामले में पुलिस ने चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। सिंघीतराई गांव में स्थित संयंत्र में 14 अप्रैल को बॉयलर फटने के बाद अब तक 20 श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 अन्य घायल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के लिए टीम बनाई गई है। आरोपियों की संख्या बढ़ भी सकती है।

मुकदमा

आरोपियों में कौन-कौन शामिल?

पुलिस के मुताबिक, हादसे का कारण लापरवाही और जल्दबाजी माना जा रहा है। इनके खिलाफ BNS की धारा 106(1), 289 और 3(5) के तहत मामला दर्ज हुआ है। औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने 6 घंटे की जांच के बाद मुख्य आरोपी अग्रवाल के साथ संयंत्र प्रमुख देवेंद्र पटेल, साइट इंचार्ज (NGSL), परियोजना प्रबंधक, संयंत्र गतिविधि प्रमुख, ऑपरेशन हेड, सुरक्षा अधिकारी, तकनीकी अधिकारी, बॉयलर प्रभारी, सुपरवाइजर, शिफ्ट इंचार्ज और मेंटेनेंस इंजीनियर को आरोपी बनाया है। सभी से पूछताछ की कोशिश जारी है।

आरोप

जांच में क्या पाया गया?

दैनिक भास्कर के मुताबिक, शुरूआती जांच में पाया गया कि 350 मेगावाट से सीधे 590 मेगावाट उत्पादन बढ़ाने का फैसला लिया गया था, जो जांच के केंद्र में है। उत्पादन बढ़ाने के लिए बॉयलर का लोड एक घंटे में तेजी से बढ़ाया गया, जिससे विस्फोट हुआ। बताया जा रहा है कि ओवरलोडिंग और पाइप लीकेज भी इसमें एक बड़ा कारण बना। मजदूरों ने अखबार को बताया कि विस्फोट के समय सायरन तक नहीं बजा और न कोई अलर्ट जारी हुआ।

Advertisement