Page Loader
'ऑपरेशन सिंदूर' पर CDS अनिल चौहान बोले- नुकसान महत्वपूर्ण नहीं बल्कि परिणाम महत्वपूर्ण है
CDS जनरल अनिल चौहान ने कहा कि युद्ध में परिणाम महत्वपूर्ण है

'ऑपरेशन सिंदूर' पर CDS अनिल चौहान बोले- नुकसान महत्वपूर्ण नहीं बल्कि परिणाम महत्वपूर्ण है

लेखन गजेंद्र
संपादन Manoj Panchal
Jun 03, 2025
03:30 pm

क्या है खबर?

भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने मंगलवार को पुणे में 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर उठे सवालों पर कहा कि युद्ध में नुकसान नहीं बल्कि परिणाम महत्वपूर्ण है। महाराष्ट्र के पुणे विश्वविद्यालय में आयोजित 'भविष्य के युद्ध और युद्ध' विषय पर व्याख्यान देते हुए जनरल ने कहा कि सशस्त्र बलों को अपनी गलतियों को पहचानना और उनमें सुधार करना आना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेशेवर सैन्य बलों पर असफलताओं और नुकसानों का असर नहीं होता है।

बयान

क्या बोले CDS?

CDS ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर के संदर्भ में, मैंने युद्ध की प्रकृति को समझाने की कोशिश की। हम जानते थे कि हमारे पास बेहतर काउंटर-ड्रोन सिस्टम हैं, और दूसरा बिंदु जोखिमों को समझना था। पेशेवर बलों के रूप में, हम असफलताओं और नुकसानों से प्रभावित नहीं होते। हमें अपनी गलतियों को समझने और सुधारने में सक्षम होना चाहिए। हम असफलताओं के कारण नहीं बैठ सकते। मैंने अपने पिछले साक्षात्कारों में कहा है, नुकसान परिणाम से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं हैं।"

बयान 

पाकिस्तान की 48 घंटे की योजना 8 घंटे में खत्म हो गई- चौहान

जनरल चौहान ने कहा, "10 मई को रात 1 बजे उनका (पाकिस्तान का) लक्ष्य 48 घंटे में भारत को घुटने टेकने पर मजबूर करना था। कई हमले किए गए। उन्होंने इस संघर्ष को बढ़ा दिया, जबकि हमने केवल आतंकी ठिकानों पर ही हमला किया था।" उन्होंने आगे कहा, "उन्होंने सोचा था कि यह अभियान 48 घंटे तक चलेगा, लेकिन यह 8 घंटे में ही बंद हो गया और फिर उन्होंने टेलीफोन उठाया और कहा कि वे बात करना चाहते हैं।"

बयान 

पाकिस्तान को दी थी चेतावनी

उन्होंने आगे कहा कि भारत ने 7 मई को आतंकी शिविरों पर हमले के बाद पाकिस्तान को बता दिया था और चेतावनी दी थी कि अगर तनाव बढ़ा तो कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया, "हमने 7 मई को सर्जिकल स्ट्राइक के दिन ही पाकिस्तान को सूचित कर दिया था...जब पाकिस्तान की तरफ से बयानबाजी हुई, तो हमने यह भी कहा कि अगर पाकिस्तान हम पर हमला करेगा, सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करता है, तो हम भी उन्हें जवाबी हमला करेंगे।"

विवाद

CDS के बयान को लेकर हो रहा था विवाद?

पिछले दिनों CDS चौहान सिंगापुर में ब्लूमबर्ग को दिए एक साक्षात्कार की वजह से चर्चा में आ गए थे, जिसमें उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र किया था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने हमारे कितने लड़ाकू विमानों को गिराए, यह महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि जरूरी ये बात है कि ऐसा क्यों हुआ। इस दौरान उन्होंने 6 भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराने के पाकिस्तानी दावे को सिरे से खारिज कर दिया था।